RIMS जमीन घोटाला: ACB ने तत्कालीन LRDC और दो CO समेत 6 अधिकारी को किया गिरफ्तार

Picture of Live Dainik

Live Dainik

November 18, 2026

RIMS जमीन घोटाला: ACB ने तत्कालीन LRDC और दो CO समेत 6 अधिकारी को किया गिरफ्तार

रांचीः रिम्स जमीन घोटाला में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह तत्कालीन प्रशासनिक और निबंधन पदाधिकारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रांची सदर के तत्कालीन भूमि सुधार उप-समाहर्ता (LRDC) मनोज कुमार रंजन, तीन तत्कालीन जिला अवर निबंधक अनिनाश कुमार, वैभवमणि त्रिपाठी और राहुल कुमार चौबे शामिल है। इसके अलावा बड़गाई अंचल के तत्कालीन सीओ शैलेश कुमार और शहर अंचल के तत्कालीन सीओ राजेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है।

इन अधिकारियों पर आपराधिक साजिश रचने, निजी आर्थिक लाभ के लिए पद का दुरुपयोग करने का आरोप है। इन्हें बुधवार को एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा, उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। एसीबी इन अधिकारियों को रिमांड पर लेकर भी पूछताछ करेगी, ताकि इस कड़ी के अन्य आरोपितों की जानकारी जुटाई जा सके।

अवैध कब्जा कर बनाया गया था अपार्टमेंट
पूरा मामला रिम्स की कुल 9.65 एकड़ जमीन का है। इसमें मोरहाबादी मौजा की आठ एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है। आरोप है कि जमीन दलाल, बिल्डर और अधिकारियों के संगठित गिरोह ने मिलकर इस करोड़ों रुपये की जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कर अपार्टमेंट का निर्माण कर दिया था, जिसे बाद में हाई कोर्ट के आदेश के बाद हटाया गया था और रिम्स को जमीन वापस कराई गई थी। इस मामले में एसीबी ने पूर्व में भी बिल्डर सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था। उनके विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।

See also  रांची में छात्रों ने आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी, 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का कर सकते है घेराव, CM हाउस की सुरक्षा बढ़ाई गई

इनकी हुई है गिरफ्तारी
मनोज कुमार : तत्कालीन भूमि सुधार उप समाहर्ता, सदर, रांची।
अविनाश कुमार : तत्कालीन जिला अवर निबंधक, रांची।
वैभव मणि त्रिपाठी : तत्कालीन जिला अवर निबंधक, रांची।
राहुल कुमार चौबे : तत्कालीन जिला अवर निबंधक रांची।
शैलेश कुमार : तत्कालीन अंचल अधिकारी, बड़गाईं अंचल, रांची।
राजेश कुमार : तत्कालीन अंचल अधिकारी, शहर अंचल, रांची।
ये हैं पूर्व में गिरफ्तार पांच आरोपित, जिनपर एसीबी दाखिल कर चुकी है चार्जशीट
पूर्व में गिरफ्तार लकी कंस्ट्रक्शन के संचालक बिल्डर शुभम साबू, रांची के सदर थाना क्षेत्र के दीपाटोली बांधगाड़ी निवासी दो सगे भाई राजकिशोर बड़ाईक व कार्तिक बड़ाईक, कोकर के आदर्श नगर में पावर सब स्टेशन के समीप रहने वाले राजेश कुमार झा तथा खूंटी के तोरपा थाना क्षेत्र के पाटपुर निवासी चैतन कुमार शामिल हैं।

बिल्डर को छोड़ चार आरोपित सात अप्रैल को गिरफ्तार हुए थे। वहीं, बिल्डर की गिरफ्तारी 28 जून को हुई थी। एसीबी की छानबीन में यह खुलासा हुआ है कि बड़ाईक बंधुओं ने उक्त जमीन की गलत वंशावली बनाई थी।खूंटी के तोरपा थाना क्षेत्र के पाटपुर निवासी चैतन कुमार ने पावर आफ अटार्नी लिया और राजेश कुमार झा ने बिल्डर को बिक्री कराई थी।

See also  JSSC CGL पेपर लीक मामले में CID ने दर्ज की दूसरी FIR, डीजीपी ने की अभ्यर्थियों से साक्ष्य पेश करने की अपील

पांच जनवरी को एसीबी ने दर्ज की प्राथमिकी
रिम्स की जमीन की अवैध तरीके से खरीद-बिक्री मामले में झारखंड हाई कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए एसीबी को प्राथमिकी दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया था। इसके बाद एसीबी ने पांच जनवरी को एसीबी रांची थाना कांड संख्या 01/2026 में प्राथमिकी दर्ज की थी। इसमें रिम्स प्रबंधन, राजस्व कार्यालय, रांची, रांची नगर निगम, निबंधन कार्यालय रांची, रियल इस्टेट रेगुलेटरी अथारिटी (रेरा), रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (आरआरडीए) के पदाधिकारियों, कर्मियों व अन्य अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया था।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now