चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर प्रखंड स्थित सोनपोखरी गांव में खेत की जुताई के दौरान मिला विस्फोटक करीब 30 किलो वजनी निकला। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। खेत में वर्षों से दबा यह खतरनाक विस्फोटक सामने आते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।
मंगलवार सुबह किसान खेत में हल चला रहा था, तभी जमीन के भीतर किसी भारी वस्तु से टकराने पर मामला संदिग्ध लगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी। ग्रामीणों को विस्फोटक से दूर रहने की हिदायत दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद सीआरपीएफ की 134वीं बटालियन का बम निरोधक दस्ता घटनास्थल पर पहुंचा। विशेषज्ञों ने काफी सावधानी और मशक्कत के बाद विस्फोटक को खेत से लगभग 200 मीटर दूर एक सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। देर शाम तालाब के समीप गड्ढा बनाकर उसे सुरक्षित रखा गया।
प्रारंभिक जांच में विस्फोटक बेहद शक्तिशाली बताया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां इसकी बनावट, क्षमता और स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह काफी पुराना विस्फोटक हो सकता है, जो लंबे समय से जमीन के भीतर दबा हुआ था।
सेना की विशेषज्ञ टीम करेगी कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार विस्फोटक को निष्क्रिय करने के लिए सेना की विशेषज्ञ टीम की मदद ली जा सकती है। फिलहाल बम निरोधक दस्ता इसकी तकनीकी जांच कर रहा है और इसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की रणनीति तैयार की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर सेना को औपचारिक रूप से सूचना देकर विशेषज्ञों को बुलाया जाएगा।
इस घटना के बाद सोनपोखरी और आसपास के गांवों में दिनभर चर्चा का माहौल रहा। खेत की जुताई के दौरान अचानक 30 किलो का विस्फोटक मिलने की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है।




