लोहरदगा : रामनवमी महासप्तमी के पावन अवसर पर नवयुवक मोटिया संघ, बरवाटोली के तत्वावधान में भव्य अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रामभक्तों, अखाड़ा समितियों और स्थानीय लोगों की भागीदारी रही, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा सहित अन्य अतिथियों द्वारा बजरंगबली की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद स्वर्गीय प्राण प्रसाद जायसवाल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। मंच संचालन अजय कुमार प्रजापति ने किया। आयोजन स्थल पर अखाड़ों द्वारा पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र चालन, ढोल-नगाड़ा और बाजा की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। युवाओं ने अनुशासन, साहस और कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए रामनवमी की परंपरा को जीवंत कर दिया। रामनवमी के इस आयोजन ने क्षेत्र में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नवयुवक मोटिया संघ के अध्यक्ष निशीथ जायसवाल ने कहा कि रामनवमी आस्था, अनुशासन और एकता का पर्व है। उन्होंने स्व. प्राण प्रसाद जायसवाल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्हीं की प्रेरणा से यह आयोजन निरंतर भव्य होता जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अखाड़ा समितियों, प्रशासन और स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर रंजीत महली उर्फ गोलू, उदय नायक, विनोद नायक, सुरेंद्र नायक, शुभम नायक, मोनू सहित कई लोग उपस्थित रहे।

सीनियर वर्ग में सेरेंगहातू तोड़ार अव्वल
प्रतियोगिता में समय पालन और अनुशासन के लिए महादेव टोली अखाड़ा को 5100 रुपये देकर सम्मानित किया गया। सीनियर वर्ग में नवयुवक संघ सेरेंगहातू तोड़ार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 21 हजार रुपये और कप जीता। बाबा अंबेडकर नगर को द्वितीय स्थान पर 15 हजार रुपये तथा शिव मंदिर बरवाटोली को तृतीय स्थान पर 7100 रुपये एवं कप प्रदान किया गया।

जूनियर वर्ग में नारी शक्ति का जलवा
जूनियर वर्ग में रघुनंदन लेन नारी सेना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर 7100 रुपये व कप जीता। दुर्गा वाहिनी बाबा अंबेडकर नगर ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 5100 रुपये और कप अपने नाम किया।

बाजा प्रतियोगिता भी रही आकर्षण का केंद्र
बाजा प्रतियोगिता में शास्त्री चौक को प्रथम स्थान मिलने पर नगाड़ा और बाबा अंबेडकर नगर को द्वितीय स्थान पर ढोलक देकर सम्मानित किया गया। विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एकता और अनुशासन का संदेश
मुख्य अतिथि एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, अनुशासन और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए सभी से शांति और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। विशिष्ट अतिथि डा. गणेश प्रसाद, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, केंद्रीय महावीर मंडल के अध्यक्ष विपुल तमेड़ा सहित अन्य अतिथियों ने भी आयोजन की सराहना की और इसे सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बताया।










