रांची: राजधानी रांची में शुक्रवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह से छाए बादलों के बीच कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली। बारिश के बाद शहर का तापमान गिर गया और मौसम सुहावना हो गया।
पिछले 15 दिनों से रांची सहित पूरे झारखंड में भयंकर गर्मी से लोग परेशान थे । आसमान में घने बादल छाने के बाद ठंडी हवाएं चलनी शुरू हुईं और फिर रुक-रुक कर बारिश हुई। बारिश के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही कुछ देर के लिए प्रभावित हुई, लेकिन मौसम में आई ठंडक ने लोगों के चेहरे पर राहत की मुस्कान ला दी।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक रांची और आसपास के जिलों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। हांलाकि गर्मी से ये राहत फौरी है ।


