पलामू: जिले के हुसैनाबाद के दंगवार ओपी प्रभारी ने बिहार के एक वांटेड नक्सली को गिरफ्तार करके छोड़ दिया।दरअसल घटना 22 सितंबर की है। पलामू पुलिस वारंटी की गिरफ्तार के लिए एक अभियान चला रही थी, इसी क्रम में बिहार के मोतिहारी जिले में नक्सल केस में राजेंद्र पासवान को दंगवार ओपी के प्रभारी ने पकड़ लिया था। रात 12:00 के करीब राजेंद्र पासवान को पकड़ा गया था और तीन साढ़े तीन बजे उसे छोड़ दिया गया।
वारंटी को छोड़ने की हुई पुष्टि
इस पूरे मामले में एसपी कपिल चौधरी ने हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांशु शुक्ला के नेतृत्व में एक जांच टीम का गठन किया था। जांच में दंगवार ओपी प्रभारी सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र मेहता के वारंटी राजेंद्र पासवान को पकड़कर छोड़ देने की बात की पुष्टि हुई है। जिसके बाद सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र मेहता के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई।

ओपी प्रभारी को किया गया लाइन हाजिर
पलामू एसपी ने बताया कि वारंटी को छोड़ देने का मामला सामने आया है। पूरे मामले में जांच की गई है और जांच के बाद कार्रवाई की जा रही है।ओपी प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है।दरअसल, जिस इलाके में घटना हुई है, वह इलाका बिहार सीमा से बेहद करीब है।
वारंटी पर दर्ज है नक्सली से जुड़े मामले
जिस वारंटी को पकड़कर छोड़ा गया है, उसकी उम्र करीब 65 वर्ष है। वारंटी पर बिहार के मोतिहारी जिले में नक्सली से जुड़ा मामला दर्ज है। दरअसल नियम है कि वारंटी को गिरफ्तार करने के बाद संबंधित क्षेत्र का थाना जहां मुकदमा दर्ज है, वहां वारंटी को पहुंचाता है।





