लोहरदगा : नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 की घोषणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा मंगलवार को कर दी गई है। इस संबंध में उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) डा. कुमार ताराचंद ने समाहरणालय के सभा कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस कर निर्वाचन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना प्रपत्र-5 के तहत 28 जनवरी 2026 (बुधवार) को पूर्वाह्न 11 बजे प्रकाशित की जाएगी। डा. ताराचंद ने बताया कि नाम निर्देशन की प्रक्रिया 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चलेगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 5 फरवरी को की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 6 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 7 फरवरी को निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। मतदान 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से कृषि बाजार समिति परिसर, लोहरदगा में की जाएगी। प्रेस कांफेंस में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास, पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास, भूमि सुधार उपसमाहर्ता सुजाता कुजूर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार तथा बीडीओ छंदा भट्टाचार्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

झारखंड में नगर निकाय चुनाव का एलान, 48 नगर निकायों में 23 फरवरी को चुनाव, 27 फरवरी को मतगणना
लोहरदगा में 46 मतदान केंद्र, 43 हजार मतदाता
लोहरदगा नगर परिषद (वर्ग-ख) के अंतर्गत एक नगर परिषद अध्यक्ष एवं 23 वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव होंगे। जिले में कुल 46 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल मतदाताओं की संख्या 43,070 है। इनमें पुरुष मतदाता 21,027 और महिला मतदाता 22,043 हैं। 46 मतदान केंद्रों में 31 संवेदनशील तथा 15 अतिसंवेदनशील घोषित किए गए हैं। निर्वाचन में नोटा का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा, जिसके लिए 110 मत पेटिकाएं तैयार की गई हैं।

निकाय चुनाव के लिए खर्च का सीमा तय
उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) डा. कुमार ताराचंद ने बताया कि लोहरदगा नगर परिषद वर्ग ‘ख’ में आता है, जिसकी जनसंख्या एक लाख से कम है। ऐसे में नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अधिकतम छह लाख रुपये तक ही चुनावी खर्च कर सकेंगे। वहीं वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों के लिए खर्च की अधिकतम सीमा डेढ़ लाख रुपये निर्धारित की गई है।

नगर परिषद चुनाव के लिए निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त
नगर परिषद चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाची पदाधिकारियों की भी नियुक्ति कर दी गई है। नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है। जबकि वार्ड संख्या 1 से 6 तक के लिए भूमि सुधार उपसमाहर्ता सुजाता कुजूर, वार्ड संख्या 7 से 12 तक के लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार, वार्ड संख्या 13 से 18 तक के लिए कार्यपालक दंडाधिकारी अभिनीत सूरज तथा वार्ड संख्या 19 से 23 तक के लिए कैरो के प्रखंड विकास पदाधिकारी छंदा भट्टाचार्य को निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।

नगर परिषद चुनाव के लिए 13 कोषांगों का गठन
उपायुक्त ने बताया कि नगरपालिका चुनाव के सफल संचालन के लिए कुल 13 कोषांगों का गठन किया गया है। प्रशासन निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव कराने के लिए पूरी तरह तैयार है।


