गिरिडीहः झारखंड में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता एक और वीडियो सामने आया है। गिरिडीह के नगर थाने में युवक का वीडियो सामने आया है। 25 वर्षीय लखन साव ने पुलिस पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। पीड़ित युवक का आरोप है कि वो अपने घर के पास दोस्तों के साथ खड़ा था, उसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी बाइक जब्त कर थाने ले जाया गया।
लखन साव जब अपनी बाइक लेने गया तो थाना प्रभारी के चैंबर में पहले उसे थप्पड़ से पीटा गया फिर पुलिसकर्मी ने डंडे से उसकी पिटाई की। इस वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लाइव दैनिक वायरल वीडियो की सत्यता को लेकर पुष्टि नहीं करती है। थाने के अंदर पिटाई के बाद लखन साव की तबीयत बिगड़ गई, इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि हालांकि नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने युवक के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। उनका कहना है कि पुलिस ने युवक के साथ किसी तरह की मारपीट नहीं की।


गिरिडीह में नगर थाने के अंदर युवक की पिटाई
लखन साव नाम के युवक को थाना प्रभारी के चैंबर में पुलिसकर्मी ने पीटा
पहले थप्पड़ और फिर डंडे से की पिटाई@GIRIDIHPOLICE @JharkhandPolice @yourBabulal @HemantSorenJMM @Tigerjairam @JbkssArmy @JLKMJHARKHAND @BJP4Jharkhand @SudeshMahtoAJSU pic.twitter.com/dywH7kwf5Y
— Live Dainik (@Live_Dainik) September 8, 2026
सड़क पर मारपीट करने का लगाया आरोप
घायल लखन साव ने बताया कि वह ऑर्बिट होटल के समीप अपने घर के पास कुछ दोस्तों के साथ खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान नगर थाना की पुलिस वहां पहुंची। लखन का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और बिना स्पष्ट कारण मारपीट करने लगे। युवक के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उसके साथ सड़क पर मारपीट की और उसकी बाइक भी अपने साथ नगर थाना ले गयी। घटना के बाद उसने अपने बड़े भाई और परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वह भाइयों और अन्य लोगों के साथ बाइक लेने नगर थाना पहुंचा।
थाना परिसर में दोबारा मारपीट का आरोप
लखन साव का आरोप है कि थाना परिसर पहुंचने के बाद भी उसके साथ मारपीट की गयी। उसने थाना प्रभारी समेत वहां मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों पर मारपीट करने का आरोप लगाया। युवक के अनुसार, मारपीट के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी और वह थाना परिसर में ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए अस्पताल में भर्ती कर लिया। फिलहाल लखन साव का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।घटना की जानकारी मिलने पर घायल युवक की बड़ी बहन भी अस्पताल पहुंचीं। भाई की स्थिति देखकर उन्होंने पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि यदि उनके भाई ने कोई गलती की थी तो पुलिस उससे पूछताछ कर सकती थी, लेकिन इस तरह मारपीट करने का अधिकार किसी को नहीं है।
गिरिडीह नगर थाना पुलिस पर युवक को बेरहमी से पीटने का आरोप
युवक लखन साव सदर अस्पताल के ICU में भर्ती@HemantSorenJMM@JharkhandPolice@GIRIDIHPOLICE@yourBabulal @Tigerjairam @JbkssArmy @JLKMJHARKHAND @BJP4Jharkhand @JmmJharkhand pic.twitter.com/2ZugPUboFk
— Live Dainik (@Live_Dainik) September 8, 2026
पुलिस ने आरोपों को बताया गलत
नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने युवक के साथ मारपीट के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर युवक और उसके साथी खड़े थे, वहां अक्सर लोगों के जमावड़े और नशे के सेवन की शिकायत रहती है।थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद वहां मौजूद लोग भागने लगे। इसी दौरान युवक की बाइक और मोबाइल वहीं छूट गये, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर थाना लाया। इसके बाद युवक अपने अन्य साथियों के साथ नगर थाना पहुंचा और वहां हंगामा करने लगा। थाना प्रभारी ने दावा किया कि युवक खुद भी डेंड्राइट के नशे में था और पुलिस ने उसके साथ किसी तरह की मारपीट नहीं की।पुलिस के इस पक्ष के बाद मामले में युवक के आरोप और पुलिस के दावे दोनों सामने आये हैं।





