गुमला : विजयादशमी के दिन बसिया थाना क्षेत्र में सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। त्योहार के दिन हुए इन हादसों के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल रहा। घायलों के अस्पताल पहुंचने से रेफरल अस्पताल में भी काफी भीड़ जुटी रही। पहली घटना नारेकेला गांव के समीप हुई, जहां बाइक और मोपेड के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बसिया निवासी अमन राम की मौत हो गई। वहीं, मोपेड सवार बालगोविन्द महतो और दशरथ बड़ाईक घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। जबकि दूसरी घटना पतुरा गांव के समीप हुई। यहां मोरेंग गांव निवासी गांधी खड़िया सड़क पर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। हादसे में गांधी खड़िया गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घायलों से भरा रहा रेफरल अस्पताल
विजयादशमी के दिन क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में करीब एक दर्जन लोग घायल हुए। सभी घायलों को बसिया रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद अधिकांश घायलों को घर भेज दिया गया। त्योहार के दिन एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अस्पताल में काफी भीड़ रही। लगातार हुए हादसों ने त्योहार के दौरान सड़क सुरक्षा और सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया।






