डेस्कः शनिवार को बिहार के गोपालगंज दर्दनाक घटना हुई है। गोपालपुर थाना क्षेत्र के सवनही जगदीश गांव में शौचालय की टंकी की सेंटरिंग खोलने उतरे चार मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान 1. उमेश यादव (उम्र- 35 वर्ष, पिता- विश्वनाथ यादव, ग्राम- सवनही वृत्त, थाना गोपालपुर), 2. जावेद आलम (उम्र- 31 वर्ष, पिता- मो. ज्ञासुद्दीन, ग्राम- सवनही बाजार), 3. राकेश बैठा (उम्र- 26 वर्ष, पिता- स्वर्गीय रामचंद्र बैठा, ग्राम- सवनही पट्टी, थाना- श्रीपुर), 4. सब्बे आलम (उम्र- 18 वर्ष, पिता- सुल्तान आलम, ग्राम- गिदहा, थाना- श्रीपुर) के रूप में हुई है।
कैसे हुआ हादसा? : घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि गांव में एक शौचालय की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा था। टंकी की ढलाई के बाद उसके अंदर लगाई गई लकड़ी और बांस की सेंटरिंग को हटाने के लिए मजदूर बंटी नीचे उतरा। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला और अंदर से कोई आवाज नहीं आई, तो उसे देखने के लिए एक-एक करके तीन अन्य मजदूर भी सेप्टिक टैंक के भीतर उतर गए।
जहरीली गैस की चपेट में आए मजदूर : कहा जा रहा है कि टंकी काफी समय से बंद थी, जिससे उसके अंदर जहरीली और दमघोंटू गैस बनी हुई थी। अंदर जाते ही चारों मजदूर जहरीली गैस की चपेट में आ गए और उनका दम घुटने लगा। जब बाहर खड़े एक अन्य मजदूर सेराज जैसे ही अंदर गया, उसे भी गैंस अपनी चपेट में लिया। हालांकि कुछ लोग उसे तुरंत बाहर निकाल लिए।
लोगों ने टंकी से बाहर निकाला : स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और किसी अनहोनी का संदेह पाकर शोर मचाया और काफी संख्या में ग्रामीणों को इकट्ठा किया। ग्रामीण काफी मशक्कत के बाद टंकी की दीवार को तोड़कर और सीढ़ी के सहारे चारों मजदूरों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। आनन-फानन में सभी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।





