जमशेदपुर: महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज के दो एमबीबीएस छात्रों (जूनियर डॉक्टर)के डिमना लेक में डूबने की आशंका से गुरुवार देर रात हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलते ही छात्रों के कई साथी डिमना लेक पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों छात्रों की तलाश शुरू कर दी।
रात में बाधित रहा बचाव अभियान, सुबह शुरू हुई तलाश
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र गुरुवार रात डिमना लेक गए थे। इसी दौरान उनके पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। देर रात तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका था। अंधेरा होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी परेशानी आ रही थी।रात का अंधेरा होने और लेक की गहराई अधिक होने के कारण गुरुवार रात गोताखोर पानी में नहीं उतर सके और खोजबीन का काम रोकना पड़ा।शुक्रवार सुबह होते ही बोड़ाम थाना पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और NDRF और आपदा प्रबंधन टीम की मदद से डिमना लेक में तलाशी अभियान शुरू किया गया।
पुलिस हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जीवित बचे तीसरे साथी से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
घटना की खबर फैलते ही मेडिकल कालेज के छात्र घटनास्थल पर पहुंचने लगे। पुलिस स्थानीय लोगों और छात्रों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है।इधर, एमजीएम मेडिकल कालेज प्रबंधन का कहना है कि उन्हें देर रात तक इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली थी।पुलिस और प्रशासन की ओर से भी छात्रों की पहचान और घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।फिलहाल पुलिस और बचाव दल दोनों छात्रों की तलाश में जुटे हैं। मामले में आधिकारिक पुष्टि और रेस्क्यू अभियान की प्रगति का इंतजार किया जा रहा है।


