रांचीः बंगाल की खाड़ी में नमी और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण 20 मार्च की दोपहर पूरे राज्य में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से घूल भरी आंधी चलेगी, कई जगहों पर ओलावृष्टि और गर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि मौसम की स्थिति को देखते हुए 20 मार्च को पूरे राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सचेत रहने और एहतियात बरतने की सलाह दी गयी है।
बिहार में पटना समेत 15 जिलों में तापमान गिरा, 20 से 22 मार्च तक पूरे राज्य में होगी आंधी-बारिश और वज्रपात
20 मार्च को मुख्य रूप से रांची, धनबाद, दुमका, देवघर, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, कोडरमा, बोकारो, चतरा, रामगढ़ और हजारीबाग में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी, ओलावृष्टि और वज्रपात होंगे। खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। कई जगहों पर मेघ गर्जन, वज्रपात और आलोवृष्टि होगी। 19 मार्च को भी दक्षिणी और मध्य भाग में गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दोपहर बाद हवा चलेगी। 22 मार्च से मौसम साफ और शुष्क रहेगा तथा तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी। इधर, बुधवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर का रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में 15 मिमी हुई। वहीं रांची और गुमला में ओलावृष्टि हुई।









