चतरा : प्रतिबंधित माओवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) ने सुप्रीमो ब्रजेश भोगता उर्फ गोपाल सिंह भोगता की मौत के विरोध में तीन दिवसीय बंद का आह्वान किया है। संगठन की ओर से जारी हस्तलिखित पत्र के माध्यम से 24 से लेकर 26 तक चतरा, हजारीबाग, पलामू, लातेहार, गुमला, लोहरदगा और गढ़वा जिले में बंद का आह्वान किया गया है।

टीएसपीसी के पत्र में दावा किया गया है कि 16 सितंबर को ब्रजेश भोगता के केरेडारी जंगल से चतरा और हजारीबाग पुलिस द्वारा गिरफ्तार करने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से उसे मुठभेड़ में मारने की बात सामने आई। टीएसपीसी ने इसे फर्जी एनकाउंटर बताते हुए मौत के विरोध में बंद का आह्वान किया है। संगठन का आरोप है कि ब्रजेश भोगता को गिरफ्तार करने के बाद उसे उत्तर प्रदेश ले जाकर फर्जी मुठभेड़ में मार दिया गया। पत्र सामने आने के बाद पुलिस भी सतर्क हो गई है। बंद के आह्वान को देखते हुए पुलिस की ओर से संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है।







