जमशेदपुरः झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां के घर से सोने के कीमती जेवरात चोरी होने का एक बड़ा मामला सामने आया है। शातिर चोर ने इस वारदात को तब अंजाम दिया जब पूर्व मंत्री घर में ही मौजूद थे। इस संबंध में दुलाल भुइयां ने जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना में लिखित शिकायत देकर बकायदा नामजद केस दर्ज कराया है। पूर्व मंत्री ने अपने घर में काम करने वाले नौकर रामू कुमार और उसे काम पर रखवाने वाले उसके रिश्तेदार रजनी मल्लिक को इस चोरी का मुख्य आरोपी बनाया है। दोनों छायानगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
बाथरूम गए साहब और सफाई के बहाने कमरा साफ कर गया नौकर
दर्ज एफआईआर और आवेदन के अनुसार, यह पूरी घटना 21 जून से 23 जून के बीच की है। 21 जून की सुबह पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां हमेशा की तरह नहाने जाने से पहले अपनी सोने की चेन और कीमती रत्न जड़ित अंगूठियां निकालकर कांच वाली अलमारी में रख दी थीं। उनकी पत्नी ने भी अपनी सोने की अंगूठी उसी पर्स में रख दी थी। जब पूर्व मंत्री नहाने और पूजा-पाठ करने के बाद कमरे में लौटे और अलमारी खोली, तो उनके होश उड़ गए। जेवरातों से भरा वह पर्स गायब था। उन्होंने तुरंत अपनी पत्नी से पूछा, लेकिन उन्हें भी इसकी कोई जानकारी नहीं थी। दुलाल भुइयां ने बताया कि हर दिन रामू उनके तैयार होकर घर से निकलने के बाद ही कमरे की सफाई करता था। लेकिन उस दिन जैसे ही पूर्व मंत्री बाथरूम के अंदर गए, रामू कमरे की सफाई करने के बहाने अंदर घुसा और अलमारी में रखा पर्स उड़ाकर फरार हो गया।
खोजबीन की तो पता चला फरार है रामू
चोरी का अहसास होते ही जब घर में रामू की खोजबीन की गई, तो वह गायब मिला। आसपास के लोगों और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ में पता चला कि रामू किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर अपने रिश्तेदार रजनी मल्लिक के घर चला गया है। जब पूर्व मंत्री ने रामू को फोन कर वापस बुलाया, तो उसने बीमारी का बहाना बनाकर आने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद अगले दिन दुलाल भुइयां ने अपने बॉडीगार्ड (अंगरक्षक) को भेजकर रजनी मल्लिक को अपने पास बुलवाया। दरअसल, रजनी मल्लिक ही रामू को काम दिलाने के लिए पूर्व मंत्री के पास लाया था और उसकी पूरी जिम्मेदारी ली थी। हालांकि, कड़ाई से पूछताछ करने के बाद भी रजनी ने कोई ठोस जानकारी नहीं दी और कहा कि रामू उसके घर पर नहीं है और न ही उसने कोई जेवरात उसे दिए हैं। थक-हारकर पूर्व मंत्री ने पुलिस की शरण ली।
2.50 लाख से अधिक की थी अंगूठियां
पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां के मुताबिक, चोरी गई सभी अंगूठियां शुद्ध सोने की थीं और उन सभी में बेसकीमती ज्योतिषी पत्थर (रत्न) लगे हुए थे। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत 2.50 लाख रुपये से भी ज्यादा आंकी जा रही है। सीतारामडेरा थाना पुलिस ने बताया कि मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण पुलिस पूरी गंभीरता से छानबीन कर रही है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही रामू को गिरफ्तार कर जेवरात बरामद कर लिए जाएंगे।




