रांचीः नामकुम थाना क्षेत्र में बुधवार की रात अंजुमन इस्लामिया नूरिया महापंचायक के अध्यक्ष हाजी सऊद आलम के बेटे शमशेर आलम पर अपराधियों ने फायरिंग की। गोली शमशेर के जबड़े में फंसी हुई है। गोली मारने के बाद अपराधी लोवाडीह की ओर भाग गये।घायल शमशेर को रिम्स में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मौलाना आजाद कॉलोनी गेट के पास स्थित ‘पप्पू होटल’ के समीप घात लगाए एक अपराधी ने शमशेर नामक व्यक्ति को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस जानलेवा हमले में शमशेर को दो गोलियां लगी हैं, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।अचानक हुई इस फायरिंग से घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर जुटे।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही नामकुम थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास की घेराबंदी कर सुराग ढूंढने की कोशिश कर रही है। हमलावर की पहचान के लिए मौलाना आजाद कॉलोनी गेट और पप्पू होटल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। फरार अपराधी को दबोचने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
फायरिंग की वजह अभी सस्पेंस
सरेआम हुई इस फायरिंग के पीछे की असली वजह क्या है, यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है। क्या यह आपसी रंजिश का मामला है या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश है, पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है।सूत्रों की माने, तो शमशेर आलम जमीन का धंधा करता है। इसके अलावा वह नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री का काम भी करता है। संभवतः घटना जमीन व नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री को लेकर हुए विवाद में हुई है।



