लोहरदगा : लोहरदगा रेलवे स्टेशन का अमृत भारत योजना के तहत तेजी से पुनर्विकास किया जा रहा है। स्टेशन पर आधुनिक सुविधाएं विकसित करने का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और रेलवे प्रशासन उद्घाटन की तैयारियों में जुट गया है। इसी सिलसिले में शनिवार को रेलवे के डीआरएम करुणा निधि सिंह ने अधिकारियों की टीम के साथ स्टेशन और आसपास चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
डीआरएम सबसे पहले इंस्पेक्शन ट्रेन से कोयल नदी रेलवे ब्रिज पहुंचे, जहां उन्होंने पुल पर चल रहे मरम्मत कार्य का जायजा लिया। इंजीनियरों और कर्मचारियों से कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि मानसून शुरू होने से पहले पुल मरम्मत का काम हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि पुल के दुरुस्त होने से ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।
इसके बाद डीआरएम पैदल लोहरदगा रेलवे स्टेशन पहुंचे और प्लेटफार्म, यात्री प्रतीक्षालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
डीआरएम करुणा निधि सिंह ने कहा कि अमृत भारत योजना के तहत लोहरदगा स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। स्टेशन के विकसित होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं क्षेत्र के व्यापार और विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में लोहरदगा रेलवे स्टेशन क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रेलवे केंद्र बनकर उभरेगा।निरीक्षण के दौरान रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


