रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट के लिये आम जनता के सुझाव प्राप्त करने हेतु “अबुआ दिशोम बजट पोर्टल तथा मोबाइल ऐप” का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मजबूत राज्य की नींव सिर्फ योजनाओं से नहीं बल्कि जन-भागीदारी से रची जाती है।

सर्वश्रेष्ठ तीन सुझावों को मिलेगा सम्मान
अबुआ दिशोम पोर्टल /ऐप एवं सोशल मीडिया के माध्यमों यथा- वाट्सऐप, इंस्टाग्राम, फेसबुक, एक्स आदि से आम जनता दिनांक 17.01.2026 तक झारखण्ड राज्य के बजट के गठन में अपना बहुमूल्य सुझाव देकर महती भूमिका निभा सकती है। विशेषकर आम जनता से प्राप्त राजस्व संवर्द्धन से संबंधित सुझाव राज्य को आर्थिक दृष्टि से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान कर सकते है। तीन सर्वश्रेष्ठ सुझाव देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने का कार्यक्रम किया जायेगा।
जन भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश
मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन नेृ अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले वित्तीय वर्ष से पोर्टल के माध्यम से आम जनता से सुझाव प्राप्त करने की कार्रवाई 15 नवंबर से प्रारंभ की जाय, ताकि बजट निर्माण में राज्य के सुदूर क्षेत्रों से भी जन-भागीदारी सुनिश्चित हो सके।









