बीरभूम: पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी रविवार सुबह बीरभूम जिले में एक पार्टी कार्यालय में फंदे से लटके पाए गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह पार्टी कार्यालय उनके घर के पास रामपुरहाट के हटतला पाड़ा इलाके में स्थित है। मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद होने की बात सामने आई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस कथित सुसाइड नोट की जांच कर रही है। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।


2001 से 2026 तक रामपुरहाट से रहे विधायक
आशीष बनर्जी TMC के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। उन्होंने 2001 से 2026 तक लगातार रामपुरहाट विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा वह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार में स्कूल शिक्षा और कृषि समेत कई विभागों के मंत्री भी रहे।

Sad. Shocking.
Dr Ashish Banerjee, 5 time AITC MLA, Ex Minister & Deputy Speaker has committed suicide.
“I had nothing to do with corruption and yet all these completely false allegations to malign me…” pic.twitter.com/gwBGpFMHOQ— Nilanjan Das (@NilanjanDasAITC) August 16, 2026
2026 के विधानसभा चुनाव में मिली थी हार
आशीष बनर्जी ने 2026 के विधानसभा चुनाव में रामपुरहाट सीट से TMC के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, उन्हें BJP के ध्रुव साहा के हाथों 24 हजार से अधिक मतों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, चुनाव में हार के बाद आशीष बनर्जी सक्रिय राजनीति में पहले की तरह नजर नहीं आ रहे थे।
अनुब्रत मंडल के दौर में बीरभूम में थे प्रमुख चेहरा
आशीष बनर्जी बीरभूम में TMC के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। पार्टी के जिला अध्यक्ष के तौर पर अनुब्रत मंडल के कार्यकाल के दौरान भी वह जिले में TMC के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे।
पुलिस जांच में जुटी
आशीष बनर्जी की मौत ऐसे समय में हुई है, जब पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस साल विधानसभा चुनाव के बाद बड़ा बदलाव आया है। चुनाव में TMC की हार के साथ राज्य में पार्टी का 15 साल का शासन समाप्त हुआ। इसके बाद कई पूर्व TMC विधायक और नेता भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में जांच और गिरफ्तारी का सामना कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आशीष बनर्जी की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कथित सुसाइड नोट की जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।






