बिहार विधानसभा चुनाव के बीच जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद रवि किशन के साथ नजर आए। पटना एयरपोर्ट पर दोनों एक साथ निकले। इससे बिहार के सियासी गलियारे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है कि तेज प्रताप एनडीए में जा सकते हैं।
भोजपुरी स्टार रवि किशन ने भी कहा कि भाजपा का सीना खुला है। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने अपने बेटे तेज प्रताप को कुछ महीने पहले पार्टी और परिवार से बेदखल कर दिया था। इसके बाद उन्होंने जेजेडी नाम से नई पार्टी बनाई और बिहार की कुछ सीटों पर प्रत्याशी उतारे। तेज प्रताप खुद वैशाली जिले की महुआ सीट से चुनावी मैदान में हैं।
कटिहार में निरहुआ की चुनावी रैली में बवाल, बेकाबू भीड़ ने तोड़ दीं कुर्सियां और बैरिकेडिंग
हालांकि, तेज प्रताप एनडीए में जाने के सवाल पर कन्नी काटते नजर आए। उन्होंने कहा कि पहली बार रवि किशन से मुलाकात हुई है। ये (रवि) भगवान के भक्त हैं और हम भी महादेव के भक्त हैं। हम दोनों की मुलाकात हो गई। जब उनसे पूछा गया कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद कुछ अलग तस्वीर दिखेगी? इस पर तेज प्रताप ने कहा कि हमने तो पहले ही कहा है कि जो बेरोजगारी मिटाएगा और रोजगार देगा हम उसके साथ रहेंगे। हम भी टीका लगाते हैं और ये भी टीका लगाते है, प्रशंसा क्यों नहीं करेंगे।
भोजपुरी स्टार एवं भाजपा नेता रवि किशन ने भी तेज प्रताप यादव की तारीफ की। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप के हृदय को सब लोग बहुत प्रेम करते हैं। वह दिल से बोलते हैं, दिमाग से नहीं। ये भोलेनाथ के भक्त हैं।
एनडीए में तेज प्रताप के आने के सवाल पर रवि किशन ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भोलेनाथ के भक्त हैं। जो लोग निस्वार्थ रूप से सेवा करते हैं, उनके लिए भाजपा अपना सीना पूरा खोलकर रखती है। यह बात किसी से छिपी नहीं हुई है। इनकी (तेज प्रताप) छवि वही आ रही है। हमारे बोलने से कुछ नहीं होगा, जनता सब तय करेगी।”
झारखंड की पहली महिला डीजीपी तदाशा मिश्रा ने संभाला पदभार, मुख्यमंत्री से की मुलाकात




