रांचीः खरसीदाग ओपी क्षेत्र स्थित इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चर रिसर्च (ICAR) के हॉस्टल में महाराष्ट्र के रहने वाले पीएचडी छात्र प्रथमेश रायपुरे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।मृतक छात्र की पहचान प्रथमेश रायपुरे के रूप में हुई है। वह भारतीय कृषि जैव प्रौद्योगिकी संस्थान के हॉस्टल में रहकर पीएचडी सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, प्रथमेश ने खुद अपने परिजनों को फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। बातचीत के दौरान अचानक फोन कट गया। परिजनों ने कई बार उसे फोन किया, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसके पिता ने हॉस्टल के वार्डन से संपर्क कर बेटे की स्थिति जानने को कहा।

क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार छात्र हॉस्टल के कमरे में बेसुध हालत में मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, प्रथमेश रायपुरे ने अपने पिता को फोन कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। बातचीत के दौरान अचानक फोन कट गया। इसके बाद पिता ने हॉस्टल के वार्डन को फोन कर बेटे की स्थिति जानने को कहा। वार्डन जब छात्र के कमरे तक पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था, काफी आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला।
इसके बाद दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया गया, जहां प्रथमेश बिस्तर पर बेसुध पड़ा मिला, उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन तब तक छात्र की मौत हो चुकी थी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
खरसीदाग ओपी प्रभारी मनीष ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही प्रथमेश की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। थाना प्रभारी के अनुसार पिछले डेढ़ साल से हॉस्टल में रहकर प्रथमेश पीएचडी की पढ़ाई कर रहा था।




