नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में आवारा कुत्तों द्वारा बच्चों पर हमलों को लेकर स्वतः संज्ञान लेते हुए एक अहम आदेश जारी किया है। यह संज्ञान टाइम्स ऑफ इंडिया की आज की दिल्ली संस्करण में प्रकाशित एक रिपोर्ट “City hounded by strays and kids pay price” के आधार पर लिया गया, जिसमें रोज़ाना दर्जनों कुत्तों के काटने के मामले, रैबीज़ के बढ़ते खतरे और इससे हो रही मौतों पर गहन चिंता जताई गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने लिया संज्ञान
“सप्ताह की शुरुआत करते हुए सबसे पहले हमें इस अत्यंत चिंताजनक समाचार को संज्ञान में लेना चाहिए, जो टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित हुआ है। इसमें कुछ बेहद डरावने और परेशान करने वाले आँकड़े और तथ्य हैं। रोजाना सैकड़ों कुत्ते के काटने के मामले दर्ज होते हैं, जिससे रैबीज़ जैसी जानलेवा बीमारी फैल रही है और सबसे अधिक प्रभावित छोटे बच्चे, शिशु और बुजुर्ग हो रहे हैं।”
पीठ ने निर्देश दिया कि इस समाचार को संलग्न करते हुए मामले को स्वतः संज्ञान (Suo Motu Writ Petition) के रूप में दर्ज किया जाए और इसे माननीय मुख्य न्यायाधीश (CJI) के समक्ष उचित आदेशों के लिए प्रस्तुत किया जाए।
दिल्ली में आवारा कुत्तों का आतंक
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि दिल्ली और इसके आस-पास के क्षेत्रों में हर दिन आवारा कुत्तों द्वारा काटे जाने के सैकड़ों मामले सामने आ रहे हैं। सबसे अधिक शिकार बच्चे और बुजुर्ग बन रहे हैं, जिनमें से कई को समय पर टीका नहीं लग पाने के कारण रैबीज़ जैसी घातक बीमारी का सामना करना पड़ता है।
सासाराम में कुत्ते का कहर
बिहार के सासाराम जिले में नासरीगंज प्रखंड के अतिमीगंज, जमालपुर व हरिहरगंज में एक पागल कुत्ते के आतंक से स्थानीय लोगों में भय का माहौल व्याप्त हो गया था। रविवार सुबह पागल कुत्ते ने डेढ़ घंटे में लगभग 50 लोगों को काट लिया। इस दौरान कई मवेशी भी कुत्ते के शिकार हुए। कुत्ते के आतंक से भगदड़ जैसे हालात बन गए थे। आखिर में गुस्साए ग्रामीणों ने कुत्ते को घेर कर मार डाला। बताया जाता है कि रविवार सुबह एक पागल कुत्ते के आतंक से लोग खौफजदा हो गए। देखते ही देखते कुत्ते ने लगभग 50 लोगों को काट लिया। कुत्ते के आतंक से लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आतंक को देखते हुए हरिहरगंज वार्ड संख्या 14 के युवकों ने कुत्ते को घेर कर मार डाला।
मॉर्निंग वॉकर्स को पागल कुत्ते ने काटा
स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार सुबह पांच बजे पागल कुत्ते ने सुबह टहलने के लिए निकले अतमिगंज के ग्रामीणों पर हमला करना शुरू किया। उन्होंने बताया कि सड़क पर जो भी दिखाई देता, कुत्ता उसे अपना शिकार बनाते गया। किसी को गला तो किसी के पैर व हाथ पर कुत्ते ने काट लिया। घायलों को प्राथमिक उपचार करने के बाद एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया गया।




