कोलकाता: झारखंड सरकार के पर्यटन विभाग द्वारा कोलकाता में आयोजित दो दिवसीय टूरिज्म रोड शो में पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार शामिल हुए। यह रोड शो न केवल निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के लिए एक प्रमुख मंच बना, बल्कि यह झारखंड और बंगाल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक रिश्ते का प्रतीक भी रहा।
सुदिव्य कुमार ने अपने जोशीले और भावनात्मक संबोधन में कहा कि कोलकाता को इस रोड शो के लिए चुनना सिर्फ एक रणनीतिक निर्णय नहीं था, बल्कि यह साझा विरासत की स्वीकारोक्ति है। उन्होंने कहा, “झारखंड और बंगाल सिर्फ पड़ोसी नहीं, साझी संस्कृति और परंपराओं के दो पन्ने हैं। चैतन्य महाप्रभु की यात्राओं से लेकर ब्रिटिश बंगाल प्रेसिडेंसी तक, हमारी सभ्यताओं की जड़ें गहराई से जुड़ी हैं।”
उन्होंने एक दिलचस्प बात साझा करते हुए कहा, “जब झारखंड के गांवों में कोई पर्यटक बंगाल से आता है, तो उन्हें ‘चेंजर’ कहा जाता है। यह सिर्फ एक शब्द नहीं, हमारी सांस्कृतिक निकटता की पहचान है।”
उन्होंने यह भी बताया कि झारखंड आने वाले पर्यटकों में से बड़ी संख्या पश्चिम बंगाल से होती है।
“इसलिए हमने टूरिज्म की इस नई यात्रा की शुरुआत कोलकाता से की है।”
संदेश में आगे कहा गया कि, “हमारे देश की परंपरा रही है कि शुरुआत चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हो, हम अंततः सफलता प्राप्त करते हैं।”
इस रोड शो को केवल एक प्रस्तुति नहीं, बल्कि एक निमंत्रण बताया गया:
“आइए झारखंड – जहां झरने केवल पानी नहीं, संगीत बहाते हैं… जहां पहाड़ सिर्फ ऊँचाई नहीं, कहानियाँ समेटे हैं… और जहां हर यात्रा एक अनुभव बन जाती है।”
इस मौके पर झारखंड पर्यटन विभाग की टीम ने कई प्रतिष्ठित समूहों — जैसे Ambuja Neotia, Polo Towers, Shriram Ozone, Peerless Hotels, Hotel Sonar Bangla, Conveyor & Ropeway Services, और Sumi Yashshree Hotels & Resorts — के साथ उच्च स्तरीय B2G बैठकें कीं। इन बैठकों में पर्यटन निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और संभावित साझेदारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
सुदिव्य सोनू ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन को प्राथमिकता दे रही है और झारखंड को पर्यटन के नए नक्शे पर लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में पर्यटन सचिव मनोज कुमार ने एक विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया, जिसमें झारखंड में पर्यटन क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं और सरकार द्वारा दी जा रही प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी साझा की गई।