रांचीः दिल्ली में दो दिवसीय National Stakeholders Consultation का शुभारंभ होटल ताज में हुआ। इसमें विजन-2050 के तहत उद्योग प्रतिनिधियों ने अपने विचार-विमर्श रखे। इसमें कई एमओयू भी साइन किये जाएंगे। इस समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया। इस दौरान राज्य सरकार के चार मंत्री दीपिका पांडे सिंह, इरफान अंसारी, संजय प्रसाद यादव और सुदिव्य सोनू के साथ मुख्य सचिव अविनाश कुमार मौजूद थे।
समारोह में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड अब देश का उभरता हुआ टेक्नोलॉजी डेस्टिनेशन बनने के लिए तैयार है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में दस्तक देने के बाद अब झारखण्ड तकनीकी क्रांति और ‘टेक्नोलॉजी गवर्नेंस’ के अपने मौलिक मॉडल के साथ आगे बढ़ने को तैयार है। हम Copy-Paste नहीं, अपनी मेधा से नई राह बनाएंगे।मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अब हमारी पहचान सिर्फ ‘माइन्स से नहीं ‘माइंड’ से भी होनी चाहिए, सिर्फ ‘रिसोर्स’ से नहीं ‘रिसर्च’ से भी होना चाहिए, सिर्फ ‘एक्सट्रैक्शन’ नहीं ‘इनोवेशन’ से भी होना चाहिए और सिर्फ ‘ग्रोथ’ नहीं ‘इंक्लूसिव ग्रोथ’ से भी होना चाहिए।


