लोहरदगा : दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के अंतर्गत रांची एवं चक्रधरपुर डिविजनल कमेटी की बैठक रांची के रेडिसन ब्लू होटल में सांसद विद्युत वरण महतो की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न लोकसभा क्षेत्र के सांसद और राज्यसभा सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी रेलवे की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया। बैठक में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा ने शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। सांसद सुखदेव भगत ने बैठक में गुमला में नई रेलवे लाइन के निर्माण का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी गुमला जैसे आदिवासी बहुल जिले का रेलवे नेटवर्क से नहीं जुड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है।

लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने निभाया वादा, अंजुमन हॉस्पिटल को दी अत्याधुनिक एंबुलेंस
सांसद ने कहा कि गुमला न केवल ऐतिहासिक बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण क्षेत्र है, बल्कि पूर्वोत्तर भारत के पहले परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अलबर्ट एक्का का यह गृह जिला है। इसके अलावा भगवान हनुमान का जन्मस्थल अंजनी धाम, आदिवासियों का पवित्र स्थल सिरा-सीता नाला तथा भगवान शिव का प्रसिद्ध टांगीनाथ धाम भी इसी क्षेत्र में स्थित है। उन्होंने गुमला को शीघ्र रेलवे लाइन से जोड़ने की मांग की। सांसद सुखदेव भगत ने रांची से टोरी होते हुए लोहरदगा तक दोहरी रेल लाइन बिछाने, रांची-लोहरदगा-गुमला-बानो तक नई रेलवे लाइन के निर्माण की भी मांग रखी। इसके साथ ही उन्होंने नगजुआ स्टेशन पर रांची-सासाराम एक्सप्रेस के ठहराव, रांची से दिल्ली वाया लोहरदगा गरीब रथ ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलाने, रात्रिकालीन लोहरदगा-रांची मेमू ट्रेन का आकाशी स्टेशन में ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने पोकला स्टेशन पर संबलपुर-जम्मूतवी, संबलपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस एवं धनबाद-आलप्पुझा एक्सप्रेस के ठहराव, लोहरदगा-रांची मेमू में छह अतिरिक्त बोगी तथा रांची-सासाराम एक्सप्रेस में चार अतिरिक्त बोगी जोड़ने का प्रस्ताव रखा। सांसद ने झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को सप्ताह में एक दिन लोहरदगा होकर चलाने, चोपन एक्सप्रेस का प्रतिदिन लोहरदगा मार्ग से परिचालन कराने और रांची-वाराणसी वंदे भारत ट्रेन को सप्ताह में दो दिन लोहरदगा होकर चलाने की भी मांग की। इसके अलावा संबलपुर-बनारस एक्सप्रेस को लोहरदगा मार्ग से चलाने, रांची-सासाराम इंटरसिटी को मुगलसराय तक विस्तारित करने, आकाशी एवं इरगांव स्टेशन पर यात्री शेड का विस्तार कराने, रांची-नई दिल्ली गरीब रथ को लोहरदगा होकर चलाने तथा टाटा-पटना वंदे भारत ट्रेन को मुरी-रांची-लोहरदगा-डाल्टनगंज मार्ग से संचालित करने का सुझाव दिया।

सांसद ने भोक्ता बगीचा हाल्ट पर यात्री शेड निर्माण, आकाशी स्टेशन से नरौली जाने वाली जर्जर सड़क के पुनर्निर्माण तथा लोहरदगा में क्षतिग्रस्त रेलवे पुल के कारण उत्पन्न आवागमन समस्या पर भी ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने कहा कि पुल क्षतिग्रस्त होने से जनता को भारी परेशानी हो रही है, ऐसे में बसों की संख्या बढ़ाने और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। सांसद सुखदेव भगत ने सभी मांगों के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई। बैठक में रांची, जमशेदपुर, चाईबासा, चतरा, पुरुलिया के लोकसभा के सांसद, ओडिशा के राज्यसभा सदस्य व विधायक, झारखंड के राज्यसभा सदस्य, रांची एवं चक्रधरपुर के डीआरएम सहित दक्षिण पूर्व रेलवे जोन के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।











