डेस्कः कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग को मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में दर्ज गोलीकांड मामले में गिरफ्तार किया गया है। जमीन विवाद के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों में से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिगराम गर्ग और अंकित मिश्रा को गिरफ्तार किया।दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद राजनगर कोर्ट में पेश किया गया। दो आरोपी अब भी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना 14 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। राजनगर थाना क्षेत्र के कोंडा गांव निवासी मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया है कि वह अपने साथियों के साथ गांव में मौजूद थे। इसी दौरान शालिग्राम गर्ग अपने साथी सतीश,आशीष और एक अन्य व्यक्ति के साथ वहां पहुंचे।पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान तीन राउंड फायरिंग भी की गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। इस घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुए हैं। वायरल वीडियो को लेकर पुलिस भी जांच कर रही है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोड़ा में मंगलवार को फायरिंग का मामला सामने आया। पीड़ित किसान मोतीलाल कुशवाहा ने आरोप लगाया कि बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग ने उन्हें गोली मारी। घायल किसान का दावा है कि क्षेत्र के किसानों पर जमीन बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका आरोप है कि जो किसान जमीन बेचने से इनकार करते हैं, उन्हें धमकाया और मारपीट की जाती है। मोतीलाल कुशवाहा के अनुसार, इसी विवाद के दौरान उन पर गोली चलाई गई, जिससे वे घायल हो गए।

