रांची:
रोटरी क्लब ऑफ रांची नॉर्थ ने 1 जुलाई 2026 को समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित तीन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया। क्लब द्वारा ओरमांझी प्रखंड के टेपे गांव में पौधारोपण अभियान चलाया गया, वहीं डॉक्टर्स डे के अवसर पर चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की जांच के लिए स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया।
ओरमांझी के टेपे गांव में आयोजित पौधारोपण अभियान के दौरान गांव के 90 परिवारों के बीच 250 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया। शेष पौधों को गांव के विभिन्न स्थानों पर रोपा गया। वितरित पौधों में अमरूद, आम, लीची, सीताफल, नींबू, पपीता, शीशम, सागवान, गम्हार, नीम, कटहल, करंज, कढ़ी पत्ता, अशोक, सुपारी (अरेका पाम), अनार और गुलमोहर जैसे पौधे शामिल थे।
इसी दिन डॉक्टर्स डे के अवसर पर डेविस इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइकियाट्री में आयोजित समारोह में चिकित्सकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप उन्हें गमलों में लगे पौधे भेंट किए गए।
इसके अलावा संस्थान में गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में कुल 63 लोगों की उच्च रक्तचाप, मधुमेह एवं वजन की जांच की गई। जिन लोगों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पाई गईं, उन्हें आगे की जांच और उपचार कराने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रांची नॉर्थ की सदस्य श्रीमती हेज़ल डेविस, श्रीमती पूनम लाल, श्रीमती नीलिमा लाल, श्री जयदीप चड्ढा,श्री समीर चंद्र ,श्री निहार दास, श्री अभिजीत, श्री गणेश टोप्पो, श्री दीपांकर, श्री हरेन ठाकुर, श्री रामलाल शर्मा तथा मोहम्मद परवेज सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



