रांची। रोटरी क्लब ऑफ रांची नॉर्थ का वार्षिक अधिवेशन रविवार को डेविस मेमोरियल हॉल में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्लब के निवर्तमान पदाधिकारियों एवं पूर्व अध्यक्षों द्वारा वर्ष भर किए गए सामाजिक कार्यों, सेवा गतिविधियों और जनकल्याणकारी अभियानों का उल्लेख किया गया तथा उनके योगदान की सराहना की गई।

अधिवेशन में वर्ष 2027-28 के लिए निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. मिलिंद बोर्डे एवं सचिव रिचर्ड डोलोई को औपचारिक रूप से पद एवं दायित्व सौंपे गए। दोनों पदाधिकारियों ने क्लब की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने और समाजहित में नई योजनाओं के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर क्लब में शामिल हुए पांच नए सदस्यों को रोटरी की सेवा भावना, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने नए पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अधिवेशन में श्रीमती हेजल डेविस, वर्षा डेविस, सुप्रिया डेविस, डॉ. मिलिंद बोर्डे, अभिजीत घोष, श्रीमती सिमरन तथा गणेश टोप्पो सहित रोटरी क्लब ऑफ रांची नॉर्थ के सभी सदस्य उपस्थित रहे।



