रांचीः 10 अगस्त को छात्रों का विधानसभा घेराव सफल होने के बाद भी आंदोलन जारी है। हालांकि धरनास्थल पर छात्रों की संख्या में कमी आई है। आंदोलन की धार कमजोर होता देख उसमें तेजी लाने की तैयारी चल रही है। सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं होने पर छात्रों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। छात्रों ने कहा है कि अगर कोई सकारात्मक पहल नहीं होगी तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।

![]()
वहीं मुख्यमंत्री आवास और उसके आसपास के पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए 100 से अधिक अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है।जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बड़ी संख्या में छात्रों के जुटने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एहतियात के तौर पर मुख्यमंत्री आवास तक प्रदर्शनकारियों को पहुंचने से रोकने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्ट
सुरक्षा कारणों से मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। प्रशासन ने कई रूटों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है।मोरहाबादी से सूचना भवन की ओर आने-जाने वाले मार्ग को भी डायवर्ट किया गया है। अचानक यातायात व्यवस्था में बदलाव के कारण कचहरी चौक समेत आसपास के कई इलाकों में सुबह से ही जाम की स्थिति बनी रही।कार्यालय, स्कूल और कालेज जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ा।
जिला प्रशासन और पुलिस मुख्यालय अलर्ट
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन के साथ-साथ पुलिस मुख्यालय भी सतर्क है। शहर के संवेदनशील चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।इसके अलावा सादे लिबास में भी पुलिस और खुफिया विभाग के जवानों को तैनात किया गया है, जो स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी आंदोलन और आसपास के इलाकों की निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी को भी कानून-व्यवस्था अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।प्रशासन ने आंदोलनरत छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।








