धनबाद में निरसा एलिवेटेड रोड़ को लेकर सियासी संग्राम, बीजेपी-माले ने दिखाई ताकत, सांसद ढुलू महतो और विधायक अरूप चटर्जी आमने-सामने

Picture of Live Dainik

Live Dainik

July 15, 2026

धनबाद : निरसा में प्रस्तावित एलिवेटेड रोड निर्माण को लेकर पिछले करीब पंद्रह दिनों से भाजपा और भाकपा (माले) के बीच चल रही राजनीतिक बयानबाजी बुधवार को सड़क पर शक्ति प्रदर्शन में बदल गई। दोनों दलों ने अलग-अलग समय पर हजारों समर्थकों के साथ पदयात्रा निकालकर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा सांसद ढुलू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए और एलिवेटेड रोड परियोजना को लेकर अपनी-अपनी दावेदारी और पक्ष जनता के सामने रखा। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस सुबह से ही पूरी तरह अलर्ट रही। ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, एसडीपीओ लिलेश्वर महतो समेत कई वरीय अधिकारी दंडाधिकारियों के साथ प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहे। दोनों दलों की पदयात्राएं अलग-अलग समय पर निकाले जाने के कारण किसी प्रकार का टकराव नहीं हुआ।

WhatsApp Image 2026 07 15 at 6.52.00 PM

एलिवेटेड रोड का विरोध नहीं, गुणवत्ता और पारदर्शिता चाहिए : अरूप चटर्जी
भाकपा (माले) की जनाक्रोश रैली को संबोधित करते हुए विधायक अरूप चटर्जी ने स्पष्ट कहा कि उनकी पार्टी एलिवेटेड रोड निर्माण के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि परियोजना का काम गुणवत्तापूर्ण हो, डीपीआर सार्वजनिक की जाए और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिले। उनके अनुसार जनता के हितों की अनदेखी कर किसी भी तरह की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। अरूप चटर्जी ने दावा किया कि निरसा में एलिवेटेड रोड की अवधारणा और इसके लिए संघर्ष वर्षों पहले शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष स्थानीय प्रतिनिधियों और नागरिकों ने इस परियोजना की मांग उठाई थी। लगातार प्रयासों के बाद परियोजना को स्वीकृति मिली। विधायक ने सांसद ढुलू महतो पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनका इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने में कोई योगदान नहीं रहा। उन्होंने यह भी कहा कि केवल तीन दिनों की तैयारी में माले की पदयात्रा में उमड़ी भीड़ ने जनता का रुख स्पष्ट कर दिया है।

See also  पटना के इस्कॉन मंदिर में जमकर चले लाठी डंडे, पुजारियों के दो गुट भिड़े, कई जख्मी

WhatsApp Image 2026 07 15 at 6.51.12 PM

अरूप चटर्जी ने कहा लूट-खसोट नहीं होने देंगे
अरूप चटर्जी ने कहा कि यदि कोई निर्माण कार्य जनता के हितों के खिलाफ या गुणवत्ता से समझौता कर होगा तो उसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी लोगों के माध्यम से निर्माण कार्य कराकर स्थानीय लोगों की उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि निरसा के विकास के साथ स्थानीय युवाओं के रोजगार को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने सांसद के पूर्व बयानों पर भी पलटवार करते हुए कहा कि राजनीतिक बहस को व्यक्तिगत टिप्पणियों तक ले जाना उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में निरसा क्षेत्र में नए उद्योग स्थापित होंगे और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।

विकास का विरोध क्यों कर रहे हैं : ढुलू महतो
भाजपा की पदयात्रा और सभा को संबोधित करते हुए सांसद ढुलू महतो ने कहा कि यदि विधायक अरूप चटर्जी एलिवेटेड रोड परियोजना के लिए संघर्ष करने का दावा करते हैं तो फिर अब निर्माण कार्य का विरोध क्यों किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों में अनावश्यक बाधा उत्पन्न की जा रही है। ढुलू महतो ने कहा कि भाजपा जाति, क्षेत्र या भाषा की नहीं बल्कि विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि निरसा और धनबाद के विकास में बाधा डालने वालों का जनता जवाब देगी। उनके अनुसार एलिवेटेड रोड बनने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

See also  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को झारखंड हाईकोर्ट से झटका, अंतरिम राहत को किया खत्म

WhatsApp Image 2026 07 15 at 6.52.30 PM

सांसद ने कहा- विकास विरोधियों को जनता जवाब देगी
सांसद ने कहा कि विकास कार्य किसी दल का नहीं बल्कि जनता का होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक कारणों से परियोजना का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने विधायक से यह भी पूछा कि यदि उन्होंने निरसा के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं तो उसका सार्वजनिक विवरण जारी करें। सभा के दौरान उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था, उद्योगों की स्थिति और राजनीतिक माहौल को लेकर भी राज्य सरकार की आलोचना की।

WhatsApp Image 2026 07 15 at 6.52.43 PM

बिना अनुमति रैली पर उठाए सवाल
ढुलू महतो ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने भाकपा (माले) को कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी थी, इसके बावजूद पदयात्रा और सभा आयोजित की गई। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना था कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और नियमों का पालन हर राजनीतिक दल को करना चाहिए।

भाजपा में अशोक मंडल की घर वापसी
भाजपा की सभा के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जेएलकेएम नेता अशोक मंडल ने दोबारा भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सांसद ढुलू महतो ने उन्हें पार्टी का झंडा देकर स्वागत किया। अशोक मंडल ने कहा कि सांसद बनने के बाद ढुलू महतो ने विकास कार्यों को गति देने का प्रयास किया है और एलिवेटेड रोड जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं।

See also  बोकारो में आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, गुस्से में कार फूंकी,पुलिस के साथ गया चश्मदीद लापता

दोनों दलों के कार्यक्रम में उमड़ी भीड़
भाकपा (माले) की पदयात्रा दोपहर लगभग 12.20 बजे पार्टी कार्यालय से शुरू होकर देवियाना मोड़ स्थित सभा स्थल तक पहुंची। वहीं भाजपा की पदयात्रा करीब एक बजे बेलचढ़ी मोड़ से शुरू होकर हाथबाड़ी स्थित निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के समीप सभा स्थल तक गई। दोनों कार्यक्रमों में हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए और अपने-अपने नेताओं के समर्थन में नारेबाजी की। भाकपा (माले) की सभा को पोलित ब्यूरो सदस्य जनार्दन प्रसाद, जिला सचिव बिंदा पासवान समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। वहीं भाजपा की सभा में सांसद ढुलू महतो के अलावा बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार और अन्य नेताओं ने भी अपने विचार रखे। हालांकि पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रशासन की सतर्कता के कारण कहीं भी तनाव या टकराव की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। राजनीतिक रूप से अहम मानी जा रही इस शक्ति प्रदर्शन ने यह स्पष्ट कर दिया कि निरसा में एलिवेटेड रोड का मुद्दा अब विकास के साथ-साथ बड़ा राजनीतिक मुद्दा भी बन चुका है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now