रांचीः जिले के मांडर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले का मांडर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले की जांच जारी है।
रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में खलारी डीएसपी आरएन चौधरी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मांडर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी और ग्रामीण एसपी के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।टीम ने शनिवार रात मांडर, चान्हो और बुढ़मू क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में करगे निवासी आयुष उरांव (22), पापड़ उर्फ प्रकाश मुंडा (19), रामलुस कुजूर (23), रंजीत उरांव (24), उमेश भगत (23), दीपक उरांव (19), राम उरांव (19) और विकास उरांव (23) शामिल हैं।



