रांची: झारखंड के सारंडा में सक्रिय रहे माओवादी दंपत्ति सहित तीन ने गुरुवार को बंगाल के बांकुड़ा में आत्मसमर्पण कर दिया है। इन माओवादियों में पति 15 लाख का इनामी रीजनल कमेटी सदस्य रामप्रसाद मार्डी, उसकी पत्नी 10 लाख की इनामी जोनल कमेटी सदस्य मीता उर्फ नयनतारा व एक अन्य महिला माओवादी गौरी एक लाख की इनामी माओवादी सदस्य बुलु उर्फ गौरी शामिल हैं।
तीनों की माओवादी झारखंड में सक्रिय रहे और सुरक्षा बलों के लिए लंबे समय तक चुनौती बने रहे। झारखंड में माओवादी विरोधी अभियान के दौरान जब दबिश बढ़ी तो तीनों ने राज्य से सटे बंगाल के बांकुड़ा में जाकर आत्मसमर्पण कर दिए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन तीनों कैडरों के खिलाफ़ 81 मामले दर्ज हैं। रामप्रसाद मार्डी पर 44, मीता पर 19 और गौरी पर 18 मामले दर्ज हैं।






