रांचीः आंध्र प्रदेश से एक ट्रफ के यूपी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ होते हुए झारखंड की ओर पहुंचने के कारण 10 नवंबर से कई इलाकों में मौसम में बदलाव की संभावना है। 11 से बादल छाये रहेंगे। इससे पहले राजधानी रांची सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। सोमवार को रांची के अधिकतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की कमी आयी है। इससे रात और सुबह में ठंड बढ़ गयी है। मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की कमी आयी है। रांची का अधिकतम तापमान 29.02 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
11 नवंबर को रांची समेत आसपास के 15 जिलों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। बादलों की वजह से अगले 48 घंटों में रात के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी, लेकिन 12 नवंबर से मौसम पूरी तरह साफ होते ही पारे में दोबारा 2 से 3 डिग्री की गिरावट आएगी, जिससे सुबह और देर रात ठंड का असर तेज हो जाएगा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 10 नवंबर को जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 11 नवंबर को मौसम का असर मध्य और दक्षिणी झारखंड में अधिक दिखेगा। इस दिन रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, सरायकेला-खरसावां तथा पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम समेत 15 जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जन के आसार है।








