दुमका : दुमका के आउटडोर स्टेडियम के निकट बुधवार की देर रात चाकू से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। घायल गणिनाथ डंगालपाड़ा मोहल्ला का निवासी है।
गणिनाथ को गले में चाकू लगी है। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए दुमका अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में घायल के भाई गौतम प्रसाद साह ने नगर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर अपने भतीजे आरव कुमार गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

गौतम के अनुसार 21 अक्टूबर की रात करीब 10.30 आउटडोर स्टेडियम में शराब के नशे में धुत्त आरव ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की और हत्या की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। गौतम के अनुसार गणिनाथ को लहूलुहान हालत में पड़ा देखकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।





