डेस्कः नीट पेपर लीक मामले में जारी जांच के बीच राजस्थान के जयपुर स्थित जमवारामगढ़ का बिंवाल परिवार सीबीआई के रडार पर है। इस परिवार के कई सदस्यों पर जांच एजेंसियों की नजर है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में परिवार के कई बच्चों का सरकारी मेडिकल कॉलेजों में चयन हुआ है।
नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें जयपुर के बिंवाल परिवार के 3 सदस्य शामिल हैं तो वहीं एक हरियाणा से है। इस मामले में सीबीआई आरोपियों से अभी पूछताछ कर रही है, लेकिन इस बीच बिंवाल परिवार को लेकर कई खुलासे हो रहे हैं। इन्हें देख कर ऐसा लगता है कि जयपुर का बिंवाल परिवार नीट यूजी पेपर लीक का असल लाभार्थी रहा है। मसलन, नीट यूजी 2025 में भी बिंवाल परिवार के 5 बच्चों को MBBS के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज आवंटित हुआ है। ये दावा सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर खुद बिंवाल परिवार के एक सदस्य ने किया था। ऐसे में अब नीट यूजी 2025 भी पेपर लीक मामले में संदेह में आ गई है।आइए, जानते हैं कि इस मामले में क्या नया अपडेट है।नीट यूजी 2026 पेपर लीक के आरोपी बिंवाल परिवार के तीन सदस्य कौन हैं। नीट यूजी 2025 में परिवार के 5 सदस्यों को सरकारी मेडिकल काॅलेज मिलने का दावा किसने किया था।साथ ही जानेंगे कि इस मामले में सीबीआई जांच अभी किस स्तर पर पहुंची है।
बिंवाल परिवार के तीन सदस्य आरोपी
नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में जयपुर के बिंवाल परिवार के तीन सदस्य आरोपी हैं। इसमें जयपुर के जमवारामगढ़ के निवासी मांगीलाल बिंवाल और दिनेश बिंवाल हैं, जो दोनों भाई हैं। तो वहीं तीसरे सदस्य का नाम विकास बिंवाल है, जो मांगीलाल का बेटा है। चौथे आरोपी का नाम यश यादव है, जो हरियाणा के रहना वाला है।
दिनेश बिंवाल का पोस्ट वायरल, परिवार के कई सदस्यों को मिला सरकारी कॉलेज
नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामला सामने आने के बाद जैसे ही बिंवाल परिवार के सदस्यों की गिरफ्तारी हुई, उसे ही आरोपी दिनेश बिंवाल की एक पुरानी पोस्ट वायरल हो गई है। फेसबुक पर 6 नवंबर 2025 की इस पोस्ट में दिनेश बिंवाल ने लिखा था, “मेरे परिवार के लिए बहुत ही गर्व की बात है, हमारे पांच बच्चों का गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (एमबीबीएस) में चयन हुआ। सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं”
5 बच्चों ने नीट 2025 किया पास, अभी सरकारी कॉलेज से MBBS कर रहे
दिनेश बिंवाल की पोस्ट के अनुसार जो बातें निकलर सामने आई हैं, उसके मुताबिक अभी बिंवाल परिवार के 5 बच्चें सरकारी कॉलेज से MBBS कर रहे हैं। सभी ने नीट यूजी 2025 पास किया था। जानकारी के मुताबिक मांगीलाल बिंवाल का एक बेटा और एक बेटी काे MBBS के लिए पिछले साल सरकारी कॉलेज आवंटित हुआ था।
इसी तरह आरोपी के बड़े भाई घनश्याम की बेटी सानिया को MBBS के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज SMS जयपुर आवंटित हुआ, जबकि दूसरी बेटी पलक मुंबई के सरकारी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। वहीं आरोपी मांगीलाल की बेटी प्रगति का चयन सरकारी मेडिकल कॉलेज दौसा में हुआ था, जबकि उसके बेटे विकास को MBBS के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज सवाईमाधोपुर आंवटित हुआ।
परिवार के अन्य बच्चे भी नीट की तैयारी कर रहे
जानकारी के मुताबिक आरोपी दिनेश बिंवाल के बेटे ऋषि ने इस वर्ष यानी NEET-2026 परीक्षा दी थी। वहीं परिवार के अन्य बच्चे भी सीकर में रहकर NEET की तैयारी कर रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को दिल्ली ले गई CBI
CBI ने इस मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों को दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय ले जाया है। इनमें जयपुर के जमवारामगढ़ से गिरफ्तार मांगीलाल बिंवाल, उनके भाई दिनेश बिंवाल, मांगीलाल के बेटे विकास बिंवाल और हरियाणा के यश यादव शामिल हैं।चारों को बुधवार रात विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली भेज दिया गया। दिल्ली में सभी आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ की जाएगी।


