लोहरदगा : संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस को हर स्तर पर मजबूत करने की दिशा में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं हिमाचल प्रदेश के एआईसीसी ऑब्जर्वर सुखदेव भगत मंगलवार को हिमाचल प्रदेश पहुंचे। शिमला आगमन पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सांसद सुखदेव भगत का पारंपरिक हिमाचली टोपी और शाल ओढ़ाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
दोनों नेताओं के बीच हिमाचल में कांग्रेस संगठन की मजबूती, संरचना और आगामी रणनीति पर लंबी चर्चा हुई। सीएम सुक्खू ने संगठनात्मक ढांचे को धार देने में सांसद भगत के अनुभव की सराहना की।
इस मौके पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के स्पीकर एवं नौ बार के विधायक कुलदीप सिंह पठानिया ने भी बुके देकर भगत का स्वागत किया। सुखदेव भगत ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत वे सबसे पहले चंबा जिला के पांच विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। वहां जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक कार्यकर्ताओं और नेताओं से विस्तृत रायशुमारी ली जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस जिलाध्यक्ष का चयन पूरी पारदर्शिता से होगा, ताकि आम कार्यकर्ताओं की आवाज सीधे आलाकमान तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में हर कार्यकर्ता की राय महत्वपूर्ण है और अभियान इसी दिशा में बड़ा कदम है।











