डेस्कः मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक दूध कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। बरियारपुर थाना क्षेत्र में बदमाशों ने कारोबारी के सिर में गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान वाजितपुर अशोक गांव निवासी संजय कुमार के रूप में हुई है। वह पास के गांव में शादी का भोज खाने गए थे। लौटते समय अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
शादी का भोज खाकर लौट रहे थे घर, रास्ते में मारी गोली
जानकारी के अनुसार, संजय कुमार पास के गांव में शादी का भोज खाने गए थे। परिजनों के मुताबिक, वह भोज खाने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और सिर में गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बेटे ने देर रात किया फोन, मिली पिता की हत्या की खबर
मृतक के बेटे नीतीश ने बताया कि देर रात उन्होंने अपने पिता को फोन कर घर लौटने के बारे में जानकारी लेनी चाही। इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनके पिता की हत्या कर दी गई है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एफएसएल टीम जुटाएगी साक्ष्य, हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
बरियारपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार यादव ने बताया कि एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। हत्या के कारणों और इसके पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।





