जामताड़ाः गांव के हाट-बाजार में घूम-घूमकर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी और गाली-गलौज करने के आरोप में पुलिस ने करमाटांड थाना क्षेत्र के कुरबा गांव के रहने वाले मौलाना अफरोज को गिरफ्तार किया है।

हिंदू संगठनों की ओर से इस मामले में कई बार शिकायत किए जाने के बाद शुक्रवार को करमाटांड़ थाना में लिखित शिकायत और कथित आपत्तिजनक वीडियो पुलिस को उपलब्ध कराया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को छायटांड़ से गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मौलाना अफरोज को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल, जामताड़ा भेजा। मेडिकल जांच के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई।विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अनूप राय ने आरोप लगाया कि मौलाना अफरोज काफी समय से स्थानीय लोगों और ग्रामीण हाटों में हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करता था। आरोप है कि वह गाली-गलौज करने के साथ-साथ इसी दौरान मुस्लिम धर्म का प्रचार भी करता था।


इसको लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार प्रशासन और पुलिस से शिकायत की थी।अनूप राय के अनुसार, शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर शुक्रवार को हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने जामताड़ा के एसडीओ अनंत कुमार से भी मुलाकात कर मामले की शिकायत की। उन्होंने प्रशासन से आरोपित के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। संगठन की ओर से पुलिस को शिकायत के साथ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से संबंधित वीडियो भी साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराया गया।विहिप जिलाध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में शिकायत किए जाने पर आरोपित के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात कहकर कार्रवाई में टालमटोल किए जाने का आरोप है। उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से पुलिस-प्रशासन को 24 घंटे की मोहलत देकर आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की गई थी। इसके बाद शुक्रवार की शाम पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।इधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें कही गई बातों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





