देवघरः दिल्ली के प्रगति मैदान में ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान विस्फोट और गुजरात के गांधीनगर स्थित सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी के मामले में जांच के तार देवघर से जुड़ गये हैं। गुजरात पुलिस की साइबर टीम ने नगर थाना पुलिस के सहयोग से करनीबा ठाढ़ी रोड़, वार्ड नंबर- 34, बावनबीघा स्थित ससुराल में छापेमारी कर गुलशन कुमार सिंह उर्फ गुलशन चौहान को गिरफ्तार किया। कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद गुजरात पुलिस उसे अपने साथ ले गयी।
एसपी प्रवीण कुमार पुष्कर ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि धमकी भरे ई-मेल में गुलशन की ई-मेल आईडी का इस्तेमाल हुआ है। इसी आधार पर गुजरात पुलिस ने कार्रवाई की। लोकेशनइ के आधार पर पुलिस ने गुलशन को ससुराल से पकड़ा और नगर थाना लाया। अलग कमरे में पूछताछ के दौरान उसने अपनी ई-मेल आईडी की पुष्टि की। जांच के दौरान गुजरात पुलिस ने एक युवक रोशन को गिरफ्तार कर पूछताछ की। उसने गुलशन का नाम लिया था।

सॉफ्टवेयर डेवलपर है गुलशनः पुलिस के अनुसार, गुलशन मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित दौलतपुर गांव का रहने वाला है। देवघर के नंदन पहाड़ इलाके में भी उसका घर है। वह पूर्व में सॉफ्टवेयर डेवलपर का काम कर चुका है। फिलहाल घर पर रह रहा था। गिरफ्तारी की रात वह बावनवीघा स्थित ससुराल में मौजूद था।





