पटनाः बिहार के समस्तीपुर जिले में निगरानी की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। विद्यापतिनगर के प्रखंड प्रभारी आपूर्ति पदाधिकारी राजेश कुमार भगत को 10 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई दलसिंहसराय स्थित उनके निजी आवास पर की गई। इस मामले की शिकायत डीलर राम इकबाल सिंह ने निगरानी विभाग से की थी। राम इकबाल सिंह ने बताया कि पिछले तीन साल से प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी लगातार पैसों के लिए दबाव बना रहे थे। उन्होंने एडिशनल के नाम पर 31 हजार रुपये की मांग की थी। डीलर ने इसकी जानकारी निगरानी विभाग को दी, जिसके बाद पूरे मामले की जांच शुरू की गई।
बिहार में नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, सोनडाहा जंगल में छिपाए गए IED बरामद
अतिरिक्त खाद्य आवंटन के नाम पर मांगी जा रही थी रिश्वत
आरोप है कि राजेश कुमार भगत जन वितरण प्रणाली के तहत अतिरिक्त खाद्य आवंटन बढ़ाने के बदले रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने आरोपों की जांच की। जांच में मामला सही पाया गया। इसके बाद एक धावा दल का गठन किया गया। टीम ने योजना के तहत छापेमारी की और उन्हें 10 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया।
निगरानी थाना में दर्ज हुई प्राथमिकी
इस मामले में निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार अधिकारी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उन्हें निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया है।



