धनबादः रविवार को कतरास रामकनाली ओपी क्षेत्र के केशालपुर कुम्हारपट्टी में अवैध खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोग अवैध तरीके से कोयला निकालने के लिए खदान के अंदर घुसे थे। इसी दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंस गया और वहां मौजूद कई लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और अपने स्तर से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने मलबे को हटाकर काफी खोजबीन की और करीब तीन लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद तीनों को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी
हादसे में मृतकों की पहचान केवट कूली निवासी मुनिया देवी और बेलगोंजाबाद निवासी एक व्यक्ति के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, मृतकों की पूरी पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप
वहीं, इस हादसे में करीब पांच से छह अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोग लगातार मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाशी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि कुछ लोग हादसे से पहले ही बाहर निकलने में सफल रहे थे। घटना की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। अवैध खनन को लेकर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इधर, रामकनाली ओपी प्रभारी अलीशा अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीण कोयला चुनने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंसने से हादसा हो गया। हालांकि, उन्होंने इस घटना को अवैध उत्खनन के दौरान हुई दुर्घटना मानने से इनकार किया है। ओपी प्रभारी ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। हालांकि, मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस की ओर से मृतकों के नाम की जानकारी जुटाई जा रही है।





