रांची : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के निर्देश पर स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में अंडर-17 बालक एवं बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 का राज्य स्तरीय आयोजन खेल गांव प्रैक्टिस ग्राउंड, रांची में किया गया। प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबले रोमांच से भरपूर रहे। अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल में लोहरदगा और धनबाद की टीम आमने–सामने हुई। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा।
पेनाल्टी शूटआउट भी बराबर रहने के बाद निर्णायक गोल्डन शूटआउट में लोहरदगा की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल में लोहरदगा की टीम गुमला के खिलाफ उतरी। गुमला ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए 5-0 से जीत दर्ज की और लोहरदगा की टीम उप-विजेता बनी।
लोहरदगा जिले के खिलाड़ियों के इन उल्लेखनीय उपलब्धियों पर जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार, क्षेत्र प्रबंधक सह प्रभाग प्रभारी आकाश कुमार सहित शारीरिक शिक्षकों ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।






