दिल्ली : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास पर आयोजित दीपावली मिलन समारोह में लोहरदगा के सांसद एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत शामिल हुए। नई दिल्ली स्थित 5, सुनहरी बाग रोड पर आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता जुटे। समारोह के दौरान सुखदेव भगत ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित अन्य नेताओं से मुलाकात की और दीपावली की शुभकामनाएं दीं। त्योहार की बधाइयों के बीच देश के मौजूदा राजनीतिक हालात, संविधान की रक्षा और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश और निराशा पर उम्मीद की जीत का संदेश देती है। मौजूदा समय में देश को प्रेम, सद्भाव और आपसी एकजुटता की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल दीपावली की शुभकामनाओं तक सीमित नहीं था, बल्कि कांग्रेस नेताओं के बीच संवाद और संगठनात्मक एकजुटता का अवसर भी बना।


वोटर लिस्ट के मुद्दे पर आंदोलन तेज करने की तैयारी
सांसद के अनुसार, बैठक में कथित वोट चोरी और एसआइआर के मुद्दे पर आगे की रणनीति को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि नेताओं ने इस अभियान को व्यापक स्तर पर ले जाने और गांव-गांव तक लोगों के बीच इन मुद्दों को उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही 25 और 26 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले संविधान दिवस के कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा हुई। नेताओं से कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया गया।

युवाओं, किसानों और वंचितों की उम्मीद का प्रतीक है संविधान
सुखदेव भगत ने कहा कि राहुल गांधी ने संविधान और जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की दिखाई राह देश के युवाओं, गरीबों, किसानों, दलितों और आदिवासियों की उम्मीदों से जुड़ी है। वे और कांग्रेस के अन्य नेता इन मुद्दों पर उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा और आम लोगों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया। अंत में सांसद सुखदेव भगत ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि के साथ प्रेम और भाईचारा बने रहने की कामना की।








