लोहरदगा : उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने गुरुवार को भंडरा प्रखंड के विभिन्न सरकारी संस्थानों और विकास योजनाओं का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, जन वितरण प्रणाली दुकान, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तालाब जीर्णोद्धार योजना तथा नंदिनी डैम में संचालित मत्स्यपालन कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी मोहितोष पांडेय, जिला मत्स्य पदाधिकारी प्रिसेती भार्गवी, बीडीओ प्रतिमा कुमारी, अंचलाधिकारी दुर्गा कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

स्कूल पहुंचकर पढ़ाई और मध्याह्न भोजन की जांच
उपायुक्त ने सबसे पहले सेगरा टोली स्थित राजकीयकृत प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, रसोईघर की साफ-सफाई, बच्चों की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति और पठन-पाठन व्यवस्था का जायजा लिया। बच्चों से बातचीत कर उनकी शैक्षणिक स्थिति की जानकारी भी ली। विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने अंचलाधिकारी को स्कूल भूमि का सीमांकन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की सुविधाओं पर जोर
इसके बाद उपायुक्त सेंगरटोली स्थित सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने पंजीकृत बच्चों की संख्या, उनकी उपस्थिति, वजन और लंबाई मापने वाले उपकरण, बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार तथा मेनू की जानकारी ली।उन्होंने सेविका को निर्देश दिया कि तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को नियमित रूप से मूलभूत शिक्षा दी जाए। साथ ही बच्चों का नियमित वजन और लंबाई माप सुनिश्चित करने तथा केंद्र में खिलौने उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने धात्री माताओं और गर्भवती महिलाओं के घरों का नियमित भ्रमण करने तथा अतिकुपोषित बच्चों की पहचान कर उचित देखभाल सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।

राशन वितरण में गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने सेंगराटोली स्थित गंगा महिला मंडल जन वितरण प्रणाली दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने पीला, गुलाबी, हरा और सफेद कार्डधारियों की जानकारी लेते हुए स्टॉक पंजी की जांच की।उन्होंने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों और मार्केटिंग अधिकारियों को नियमित प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया ताकि योजनाओं की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके। उपायुक्त ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में लाभुकों के खाद्यान्न में कटौती नहीं होनी चाहिए। शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने धोती-लुंगी एवं साड़ी वितरण योजना की स्थिति की भी समीक्षा की।

आयुष्मान योजना से फंड बढ़ाने पर जोर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिक से अधिक फंड जनरेट करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राशन कार्डधारी मरीजों का आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें इलाज का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने एमटीसी केंद्र का निरीक्षण कर पुराने मैट बदलने और बच्चों के लिए खिलौने उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही एमटीसी किचन की साफ-सफाई, शौचालय मरम्मत, ऑपरेशन थिएटर की सुविधाओं में सुधार और दवा स्टोर में पंजी संधारण व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान टीकाकरण केंद्र, दंत चिकित्सा वार्ड, युवा मैत्री केंद्र, प्रसव कक्ष, नवजात शिशु स्टेबलाईजेशन यूनिट, कंगारू मदर केयर, लैब, हीट स्ट्रोक वार्ड सहित महिला और पुरुष वार्ड का भी जायजा लिया गया। उपायुक्त ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को अस्पताल की साफ-सफाई और सुविधाओं के बेहतर रखरखाव का निर्देश दिया।

मानसून से पहले पूरा होगा तालाब जीर्णोद्धार
उपायुक्त ने कसपुर गांव में निजी तालाब जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण कर जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी को मानसून से पहले कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने लाभुकों को मत्स्यपालन और सिंचाई कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही पानी पंचायत को सक्रिय करने पर भी जोर दिया।

नंदिनी डैम में पर्यटन की संभावनाओं पर फोकस
निरीक्षण के अंतिम चरण में उपायुक्त नंदिनी डैम पहुंचे, जहां उन्होंने मत्स्यपालन योजना की समीक्षा की। जिला मत्स्य पदाधिकारी को डैम में केज की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने मत्स्यजीवी सहयोग समितियों से उत्पादन और आय की जानकारी ली तथा जिला खेल पदाधिकारी को नंदिनी डैम में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नंदिनी डैम में पर्यटन और मत्स्यपालन की अपार संभावनाएं हैं, जिसे विकसित कर स्थानीय लोगों की आय बढ़ाई जा सकती है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और अधिकारियों ने नौका विहार का आनंद भी लिया।













