शराबबंदी वाले बिहार में सारे थाने की पुलिस ने देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर शराब पार्टी कर रहे अस्थावां के प्रखंड प्रमुख समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों में प्रमुख रोहित कुमार, उगावां के समिति सदस्य पिंटू यादव, खेतलपुरा पंचायत समिति सदस्य चांद बिंद सहित दो अन्य शामिल हैं। पुलिस ने दो शराब की बोतलें भी बरामद की हैं।
बताया जाता है कि पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सारे गांव में छापेमारी करने गयी थी। एक घर के पास आरोपी की गाड़ी देखकर पुलिस को शक हुआ और घर में छापेमारी की गई, जहां सभी लोग शराब पार्टी करते हुए पकड़े गए। थानाध्यक्ष ऋतु रंजन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के खिलाफ शराब अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। सभी को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।
इसके पहले भी बिहार शरीफ में एक होटल में छापेमारी के दौरान कई लोगों को बर्थडे पार्टी के दौरान शराब के जाम छलकाते गिरफ्तार किया था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की थी। बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब की तस्करी की घटनाएं सामने आती रही हैं।
पटना में लड़के और लड़की का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी, ऑनर किलिंग का मामला


