लोहरदगा: कैरो थाना क्षेत्र के एड़ादोन गांव के रहने वाले कारगिल युद्ध में शहीद हुए विश्राम टाना भगत की पत्नी तारामनी देवी का शनिवार को निधन हो गया। तारामनी देवी का शव लोहरदगा शहर के उप नगरीय क्षेत्र पतराटोली के करम टोली मुहल्ला स्थित उसके घर के कमरे में मिला। जिसके बाद इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई। तारामनी देवी जिला आपूर्ति कार्यालय में कार्यरत थी। विश्राम टाना भगत के बलिदान होने के बाद तारामनी देवी को अनुमंडल कार्यालय में निम्न वर्गीय लिपिक के पद पर वर्ष 2010 में नौकरी मिली थी।
तारामणि लोहरदगा करम टोली स्थित अपने घर में अपनी बेटी, भतीजा, भतीजी के साथ रहती थी। कहा जा रहा है कि तारामनी देवी की तबीयत पिछले दो दिनों से खराब थी। वह शनिवार सुबह सोकर उठी और तबीयत ज्यादा खराब होने की बात अपने परिवार वालों से कही। इसके बाद तारामनी देवी घर के अंदर अपने कमरे में सोने चली गई। काफी देर तक जब तारामनी देवी सोकर नहीं उठी तो बच्चे कमरे में देखने गए तो उसे अचेत पाया। इसके बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। मौके पर आसपास के लोग पहुंचकर देखा तो तारामनी देवी का निधन हो चुका था। फिलहाल मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को नहीं है। सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक रत्नेश मोहन ठाकुर का कहना है कि उन्हें किसी तरह की घटना की जानकारी नहीं मिली है। इसके बारे में वह पता कर रहे हैं। इस घटना से शोक की लहर दौड़ गई है। दूसरी ओर तारामनी देवी के निधन के समाहरणालय में शोक सभा कर छुट्टी कर दी गई।
जिला आपूर्ति कार्यालय में कार्यरत तारामनी देवी का निधन होने के बाद जिला आपूर्ति कार्यालय में दो मिनट का मौन रखा गया। उपायुक्त डॉक्टर वाघमारे प्रसाद कृष्ण, उप विकास आयुक्त दिलीप प्रसाद सिंह शेखावत समेत कई कर्मचारियों ने दो मिनट मौन होकर तारामनी देवी को श्रद्धांजलि दी।