रांचीः डुमरी विधायक जयराम महतो द्वारा धनबाद के बरवाड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित तौर पर वॉट्सअप कॉल में गाली-गलौज करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर पांच दिनों के अंदर जयराम महतो को गिरफ्तार करने की मांग की है। डुमरी विधायक की गिरफ्तारी नहीं होने पर एसोसिएशन ने आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

दरअसल, 21 अगस्त की रात को धनबाद के बरवाड्डा थाना में जेएलकेएम नेता गणेश दास को मुखिया के फर्जी हस्ताक्षर कर इस्तेमाल कर दस्तावेज और वंशावली बनाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। सूचना मिलने के बाद जयराम महतो ने बरवाड्डा थाना प्रभारी से फोन पर अपने नेता को छोड़ने और कथित तौर पर पिटाई नहीं करने को कहा था। इस दौरान दोनों के बीच हुई बातचीत में जयराम महतो थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते नजर आए, जिसका ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद जयराम महतो ने इसे निजता का उल्लंघन बताते हुए थाना प्रभारी पर कई गंभीर आरोप लगाए।
बरवाड्डा थाना प्रभारी पर लगे आरोप के बाद झारखंड पुलिस एसोसिएशन खुलकर अपने पदाधिकारी के पक्ष में सामने आया और मंगलवार को आपत्ति जाहिर करते हुए माफी मांगने की बात कही। पुलिस एसोसिएशन द्वारा माफी मांगने की बात पर डुमरी विधायक जयराम महतो एक बार फिर से गर्म हो गए और उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि चाहे उन्हें फांसी ही क्यों न दे दी जाए वो माफी नहीं मांगने वाले। इसके साथ ही उन्होंने थाना प्रभारी पर महिला पुलिसकर्मी से अनैतिक संबंध होने के साथ-साथ कई और गंभीर आरोप लगाए। विधायक के नए आरोपों और माफी नहीं मांगने की बात सामने आने के बाद पुलिस एसोसिएशन एक बार फिर से मीडिया के सामने आई उन्होंने पांच दिनों के अंदर विधायक और उनके समर्थकों की गिरफ्तारी करने का अल्टीमेटम दिया। विधायक की गिरफ्तारी नहीं होने पर एसोसिएशन ने आंदोलन करने की चेतावनी दे दी। एक तरफ पुलिस एसोसिएशन जयराम महतो को गिरफ्तार करने की मांग कर रही है तो दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी जयराम महतो के साथ खड़े नजर आ रहे है और उन्होेंने पुलिस को अपनी कार्यप्रणाली सुधारने की नसीहत दे रहे है।






