जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक: अभ्यर्थियों को कोलकाता में प्रश्न-उत्तर रटवाने वाले पटना और छपरा के दो एजेंट CID रिमांड पर

Picture of Live Dainik

Live Dainik

October 9, 2026

जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक: अभ्यर्थियों को कोलकाता में प्रश्न-उत्तर रटवाने वाले पटना और छपरा के दो एजेंट CID रिमांड पर

रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) प्रतियोगिता परीक्षा 2023 में कथित पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीआईडी ने पूर्व में गिरफ्तार दो एजेंट्स को तीन दिनों की रिमांड पर लिया है। इन एजेंट्स में बिहार के पटना से गिरफ्तार राजन कुमार व बिहार के ही सारण के अवतारनगर थाना क्षेत्र के देवरिया से गिरफ्तार मनु कुमार सिंह शामिल है।

दोनों ही एजेंट से सीआईडी गुरुवार से पूछताछ शुरू की है। इनपर आरोप है कि इन लोगों ने जेएसएससी सीजीएल के बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की सेटिंग की। अभ्यर्थियों को लेकर ये कोलकाता गए, जहां उन्हें प्रश्न व उत्तर रटवाया। सीआईडी की प्रारंभिक छानबीन में यह खुलासा हुआ है कि इन दोनों आरोपितों ने अभ्यर्थियों को परीक्षा पास करवाने का ठेका लिया था।

इसके एवज में बड़े पैमाने पर अभ्यर्थियों से वसूली भी की थी। सीआईडी को इससे संबंधित सबूत भी मिले हैं। राजन कुमार की गिरफ्तारी सात सितंबर को हुई थी, वहीं मनु कुमार सिंह को सीआइडी ने 24 सितंबर को गिरफ्तार किया था। गौरतलब है कि सीआईडी थाने में एक जनवरी 2025 को सीआइडी थाना कांड संख्या 01/2025 में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसके बाद से ही सीआइडी पूरे मामले की जांच कर रही है। इस केस की जांच के लिए 17 सदस्यीय एसआईटी गठित है, जिसके अधिकारी हर दिन अलग-अलग बिंदुओं पर छानबीन में जुटे हैं।

See also  महाकुंभ में स्नान कर लौट रहे सेना के अधिकारी और उनकी बेटी समेत 3 की मौत, पत्नी और पड़ोसी की हालत गंभीर

आईसीएन के संचालक मिथिलेश सिंह के करीबी हैं दोनों
सीआईडी की छानबीन में यह खुलासा हुआ है कि ये दोनों ही आरोपित एजेंट्स जेएसएससी सीजीएल परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसी आइसीएन के संचालक मिथिलेश सिंह के करीबी हैं।इन आरोपितों ने अभ्यर्थियों से वसूली की राशि मिथिलेश सिंह तक पहुंचाई थी। मिथिलेश सिंह के माध्यम से ही दोनों आरोपितों तक जेएसएससी सीजीएल के पेपर पहुंचे थे। इसके बाद ही इन आरोपितों ने अभ्यर्थियों को प्रश्न व उत्तर रटवाया।

30 और सफल अभ्यर्थियों का CID ने लिया बयान, 600 पहुंची संख्या
सीआईडी ने गुरुवार को भी जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में सफल 30 और अभ्यर्थियों का बयान लिया। इस तरह अब तक सीआइडी ने 600 सफल अभ्यर्थियों का बयान ले लिया है। सफल अभ्यर्थियों से पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर सीआईडी ने अपनी जांच को आगे बढ़ाया और कई अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।अभ्यर्थियों से कथित पेपर लीक, अनियमितता, ओएमआर शीट में हेराफेरी करने वाले सिंडिकेट की जानकारी मिली, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ी है। सीआईडी की छानबीन जारी है।

See also  तेज प्रताप को जेल भेजने पर भड़के तेजस्‍वी यादव, सम्राट सरकार को द‍िया बड़े आंदोलन की चेतावनी

जेपीएससी घोटाले में श्वेता गुप्ता ने दाखिल की जमानत याचिका
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में गिरफ्तार आयोग की पूर्व उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता ने जमानत के लिए झारखंड हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है।

याचिका में निचली अदालत द्वारा उनकी जमानत याचिका खारिज किए जाने के आदेश को चुनौती दी गई है। जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितता से जुड़े मामले में श्वेता गुप्ता को 22 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि दूसरे विभाग में तबादला होने के बाद वह जेपीएससी में ही कार्यरत रहीं। इसी दौरान परीक्षा से संबंधित कार्यों में उनकी भूमिका को लेकर जांच एजेंसियों ने पूछताछ की थी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now