रांचीः रविवार शाम इवनिंग वॉक के दौरान बुजुर्ग दंपती से स्मार्ट सिटी में अभद्र व्यवहार और हूटिंग का शर्मनाक मामला सामने आया था। दंपती की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो किशोरों को हिरासत में लिया और दो मौके से फरार हो गए। चारों युवकों ने दंपती को देखकर कथित रूप से फब्तियां कसी थी और अभद्र करकतें की थी।
पुलिस हिरासत में लिये गए दोनों किशोरों के बारे में मीडिया और सोशल मीडिया में खबर चलाई गई कि दोनों आरोपी छात्र रांची के प्रतिष्ठित जेवीएम श्यामली स्कूल के छात्र है। एक रांची के मेकॉन कॉलोनी का रहने वाला है। हिरासत में लिये गए एक किशोर पिता के नाम पर पुलिस के सामने रौब दिखाता रहा, खुद को झारखंड हाईकोर्ट के क्रिमिनल एडवोकेट का बेटा बताते रहा।

इस घटना ने स्मार्ट सिटी के माहौल को खराब किया। इस मामले में पकड़े गए छात्र को जेवीएम श्यामली का छात्र बताये जाने पर जवाहर विद्या मंदिर स्कूल की ओर से कड़ी आपत्ति जाहिर की गई है। स्कूल के प्रिंसिपल ने पत्र जारी कर उस खबर का खंडन किया जिसमें पकड़े गए छात्र को जेवीएम स्कूल का स्टूडेंट बताया गया। उन्होंने पत्र के माध्यम से कहा कि आरोपी छात्रों का जेवीएम श्यामली स्कूल से कोई वास्ता नहीं है। मीडिया-सोशल मीडिया में चल रही खबर भ्रामक है, स्कूल के नाम का जिक्र करने से पहले आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई, भविष्य में स्कूल से संबंधित किसी भी खबर के लिए एक बार आधिकारिक पुष्टि स्पष्ट कर लें।



