डेस्कः शनिवार की रात अपराधियों ने बिहार के सारण में मुखिया पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी। जिले के छपरा- बनियापुर पथ बसडिला गांव के मेन रोड़ पर अपराधियों ने सूरज कुमार को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। 22 वर्षीय मृतक सूरज कुमार की मां मंजू देवी सगड़ी पंचायत की मुखिया है। बताया जा रहा है कि सूरज कुमार जमीन के कारोबार से जुड़ा हुआ था।
हजारीबाग में उग्रवादियों का तांडव, 6 गाड़ियों में लगाई आग, आउसोर्सिंग कंपनी के कर्मचारियों की पिटाई
गोली लगते ही गिर पड़ा युवक
बताया जाता है कि शनिवार की रात सूरज कुमार सिंह अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर बसडिला गांव के मुख्य सड़क पर गया था। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उसके सीने में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा।आसपास के लोगों ने आनन-फानन में उसे छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया। यह इलाका जलालपुर व मुफस्सिल थाना क्षेत्र का बॉर्डर इलाका पड़ता है जिसको लेकर पुलिस में भी घटनास्थल को लेकर कशमकश है।
पटना ले जाते समय रास्ते में मौत
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। उन्हें लोग एंबुलेंस से पटना लेकर जा रहे थे कि इसी दौरान दिघवारा के पास उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया।
पटना समेत बिहार के 9 जिलों में भारी बारिश अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
वैष्णो देवी गए थे स्वजन, अकेला था घर पर
बताया जाता है कि मृतक सूरज के स्वजन इन दिनों वैष्णो देवी दर्शन के लिए गए हुए हैं। घटना के समय सूरज घर पर अकेला था। परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है। उनके लौटने का इंतजार किया जा रहा है। उसके बाद ही मामले की प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
अस्पताल पहुंचकर एएसपी ने ली जानकारी
घटना की सूचना पर एएसपी रामकुमार सिंह खुद सदर अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जलालपुर थाने के पुलिस से पूरे मामले की जानकारी ली।पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही चल सकेगा।इस वारदात से पूरे जलालपुर क्षेत्र में दहशत का माहौल है।




