खूंटी: जिले के बनई नदी में पुल से सटकर हो रहे अवैध बालू उत्खनन ने गंभीर खतरा पैदा कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह खनन जारी रहा, तो पुल के क्षतिग्रस्त होने से कोई नहीं रोक सकेगा और कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट सकता है।
जानकारी के अनुसार, नदी के किनारे और पुल के पिलरों के पास लगातार बालू निकाला जा रहा है, जिससे पुल की नींव कमजोर होती जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक के इस तरह का उत्खनन पानी के बहाव को बदल देता है और पिलरों के आसपास कटाव बढ़ाता है, जिससे पुल गिरने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने हाल ही में बिचना नदी पर बने पुल के टूटने का उदाहरण देते हुए प्रशासन को चेताया है। उस घटना के बाद लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिले में कई जगहों पर पुलों के आसपास अवैध बालू खनन जारी है, लेकिन इस पर ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर खनन पर रोक लगाने और पुल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


