गढ़वा : नगर ऊंटारी सिविल कोर्ट परिसर से बुधवार को करीब 3:30 बजे दिन में पुलिस अभिरक्षा से एक कैदी को फरार होने की सूचना से हड़कंप मच गया। फरार कैदी खरौंधी थाने के राजी गांव के बुतहट टोला निवासी उमानंद पटेल बताया जा रहा है। बताया जाता है कि उमानंद पटेल पर सगे भाई पप्पू पटेल ने धारदार हथियार से मारकर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाते हुए थाने में मामला दर्ज कराया है।

जानकारी के अनुसार गत 20 सितंबर को उमानंद पटेल ने अपने सगे भाई पप्पू पटेल को धारदार हथियार से मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के बाद उमानंद पटेल घर से फरार होकर अपने ससुराल चितविश्राम में रह रहा था। गत मंगलवार की रात श्री बंशीधर नगर थाने की पुलिस के सहयोग से उमानंद चौधरी को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे खरौंधी पुलिस के हवाले कर दिया गया था। बुधवार को खरौंधी पुलिस उसे न्यायालय में पेशी के लिए नगर ऊंटारी सिविल कोर्ट लेकर पहुंची थी। कोर्ट में पेसी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान वह कोर्ट परिसर से पुलिस अभिरक्षा के बीच फरार हो गया। कैदी के फरार होने की सूचना तेजी से फैल गई। वहीं कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी।


इस संबंध में खरौंधी थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम ने बताया कि पदाधिकारी कागजी प्रक्रिया पूरा कर रहे थे, इसी बीच करीब 3:30 बजे उमानंद पटेल पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी के साथ फरार हो गया। बकौल गुलशन कुमार गौतम फरार कैदी की तलाश तेजी से की जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद कैदी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कोर्ट परिसर में चर्चा रही कि कैदी को लेकर पहुंचे पुलिसकर्मी मोबाईल फोन चला रहे थे और कैदी मौका देख फरार हो गया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस अभिरक्षा से कैदी को भागने का मौका कैसे मिला। सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस फरार कैदी उमानंद पटेल की तलाश में जुटी हुई है।





